न्यूजलिंक हिंदी। केंद्र की मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा का महा जनसंपर्क अभियान चल रहा है। इसी को लेकर सोमवार को शहर के रतनलाल नगर स्थित जैना पैलेस में जनसभा का आयोजन किया गया। जिसमें शामिल होने शहर आए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा कि कानपुर में बिजली चोरी बहुत हो रही है। आप लोग कटिया बहुत डालते हैं, तो लोड बढ़ता है इसलिए ट्रांसफॉर्मर फुंक रहे हैं। यह बंद कर दीजिए।
उन्होंने कहा कि बिजली समस्या को रोकने के लिए हम तकनीक पर काम कर रहे हैं, जब कोई कटिया डालेगा तो ट्रांसफॉर्मर खुद ही बंद हो जाएगया। जनसभा में उन्होंने कहा कि बिजली संकट को कम करने के लिए हमने यूपीपीसीएल के चेयरमैन और केस्को के एमडी से भी बात की है। हम इसकी लगतार मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
मंच से आरके सिंह ने कहा कि आज देश सक्षम हो गया है, चीन और पाकिस्तान की हिम्मत नहीं है कि हमें आंख दिखा सके। उनको पता है कि वो एक मरेंगे तो हम चार मारेंगे। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अन्य पार्टियों ने देश को बांटने का काम किया, जबकि हमारी पार्टी ने देश को जोड़ने का काम किया है। आरके सिंह ने कहा कि इन लोगों ने कभी जाति के नाम पर तो कभी भाषा के नाम पर और कभी वोट बैंक के नाम पर देश को बांटने का काम किया है। हमने 370 हटाई, तीन तलाक हमारी सरकार ने खत्म किया। इसदौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की और कहा कि उत्तर प्रदेश से अब डॉन गिरी खत्म हो गई है क्या हाल हो रहे हैं डॉन लोगों के आप देख रहे हैं। इस दौरान सांसद सत्यदेव पचौरी, महापौर प्रमिला पांडेय, जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, डॉ. वीना आर्या, एमएलसी सलिल विश्नोई, विधायक सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया, सुरेश अवस्थी, अनूप अवस्थी, संजीव पाठक बॉबी, मनोज सिंह समेत कई लोग रहे।
24 हजार करोड़ रुपये यूपी को दिए
आरके सिंह ने कहा कि हम भरपूर बिजली देंगे लेकिन सही से भुगतान करना होगा। केंद्र सरकार से पर्याप्त बिजली आपूर्ति हो रही है, चार लाख मेगा वाट से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है। बिजली व्यवस्था के लिए हमने सबसे ज्यादा 24 हजार करोड़ रुपये यूपी को दिए। इस बार भी सबसे ज्यादा बजट हम यूपी को देंगे।
पीएम मोदी कानपुर से लड़ें चुनाव
सोमवार को जनसभा के मंच से एमएलसी सलिल विश्नोई ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह से कहा की कानपुर की जनता चाहती है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अबकी बार कानपुर से चुनाव लड़े। यह सुनते ही मंच के सामने बैठी जनता ने तो खूब जोरदार तालियां बजाई और मोदी-मोदी के नारे लगाए। लेकिन मंच में बैठे सांसद सत्यदेव पचौरी समेत कई नेताओं का चेहरा उतरा देखा गया। आरके सिंह ने इसपर कहा कि पीएम मोदी बनारस से इसलिए चुनाव लड़े क्योंकि वहां से लोगों की आस्था जुड़ी है।

