न्यूजलिंक हिंदी।
कानपुर स्मार्ट सिटी की ओर से ‘द स्पोर्ट्स हब’(टीएसएच) में स्पोर्ट्स प्रमोशन स्कॉलरशिप के तहत ईडब्ल्यूएस (इकोनॉमी वीक सेक्शन) खिलाड़ियों का दो दिवसीय चयन प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। ट्रायल में कबड्डी, बॉक्सिंग, जूडो, बैडमिंटन, कुश्ती, बास्केटबॉल, स्विमिंग, शूटिंग, योगा, वुशू, कराटे, ताइक्वांडो और टेबल टेनिस समेत अन्य खेलों में बालक व बालिका खिलाड़ियों का चयन किया जायेगा। पहले दिन ट्रायल के फिटनेस टेस्ट में 275 बालक-बालिका खिलाड़ी शामिल हुये। जिन्होंने मैदान में पसीना बहाया।
द स्पोर्ट्स हब के डॉयरेक्टर ऑपरेशंस पीके श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रायल के पहले दिन फिजिकल टेस्ट के माध्यम से खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता आंकलन किया गया। जिसमें मेडिसिन बॉल थ्रो, शटल रनिंग, स्टैंडिंग ब्राड जंप, 100 मीटर रेस, 200 मीटर वॉक, सिट-अप्स, पुश-अप्स, स्कॉट्स और 20 मीटर जिक-जैक प्रशिक्षकों के सम्मुख कराया गया। चयन प्रक्रिया में शनिवार 22 जुलाई को खिलाड़ियों का स्किल टेस्ट किया जायेगा।
चयनित होने वाले ईडब्ल्यूएस खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों से तीन महीने निशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा। इन तीन महीनों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अगले तीन महीने और निशुल्क प्रशिक्षण टीएसएच में दिया जायेगा। ईडब्ल्यूएस खिलाड़ियों के सिलेक्शन ट्रायल में साढ़े पांच साल से 18 साल उम्र वर्ग के खिलाड़ी शामिल हुये।

