न्यूज़लिंक हिंदी। प्रयागराज में उमेश पाल के शूटआउट शामिल माफिया अतीक अहमद और अशरफ की फरार पत्नियों समेत 6 आरोपियों के घरों की कुर्की की जाएगी। अतीक अहमद की पत्नी और 50 हजार की इनामी शाइस्ता परवीन की संपत्ति कुर्क होगी, इसके अलावा अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा, हत्याकांड में फरार तीनों शूटर्स के घरों की कुर्की भी की जाएगी। इसके लिए धूमनगंज थाना पुलिस को कोर्ट से कुर्की की अनुमति मिल गई है।
इन सभी आरोपियों के घर पर पुलिस ने मुनादी की कार्यवाही पहले ही पूरी कर ली है। इसके बाद अब धूमनगंज पुलिस धारा 83 के तहत कुर्की की कार्रवाई करेगी। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 82 के तहत कोर्ट के आदेश पर सभी आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा किया था। नोटिस जारी होने के बाद भी आरोपियों ने सरेंडर नहीं किया है। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट के आदेश की अवहेलना के आरोप में सभी छह आरोपियों के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर लिया।
24 फरवरी को गोली और बम से किया था हमला
गौरतलब है कि उमेश पाल और सुरक्षा में तैनात दो सरकारी गनर की 24 फरवरी को गोली और बम से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में नामजद आरोपियों बमबाज गुड्डू मुस्लिम, शूटर साबिर और अरमान पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम घोषित है। जबकि, माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर 50 हजार का इनाम घोषित है। हालांकि, अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा और अतीक की बहन आयशा नूरी भी वांटेड हैं, लेकिन उन पर इनाम घोषित नहीं है।
इन संपत्तियों पर होगी कुर्की कार्रवाई
पुलिस पहले भी माफिया अतीक अहमद और अशरफ के खिलाफ कई बार कुर्की की कार्रवाई कर चुकी है। फरारी के दौरान अतीक और अशरफ के घर का सामान पुलिस ने कुर्क किया था। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने अतीक अहमद का पुश्तैनी मकान भी अवैध बताकर जमींदोज कर दिया था। पुलिस शाइस्ता परवीन के किराए के चकिया स्थित मकान के सामानों की कुर्की करेगी। जबकि जैनब फातिमा के हटवा स्थित मकान की कुर्की होगी। बहन आयशा नूरी के मेरठ स्थित मकान पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
आयशा नूरी के पति डॉक्टर अखलाक अहमद को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अखलाक अहमद पर बमबाज गुड्डू मुस्लिम को शरण देने और आर्थिक तौर पर मदद करने का आरोप है। गुड्डू मुस्लिम के शिवकुटी थाने के पीछे स्थित मकान की कुर्की की जाएगी। जबकि शूटर साबिर के मरियाडीह और अरमान के सिविल लाइन स्थित कमरे की कुर्की होगी। कोर्ट से कुर्की का आदेश मिलने के बाद अब पुलिस जल्द ही कार्रवाई कर सकती है।

