न्यूज़लिंक हिंदी। ऐतिहासिक दीपोत्सव समारोह को खास बनाने के लिए रामनगरी अयोध्या को सजाया जा रहा है। इस आयोजन को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का पूर्वाभ्यास भी माना जा रहा है। दीपोत्सव में मंदिर निर्माण का उत्साह दिखाने की भी कोशिश है। इस समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। दीपोत्सव के दूसरे दिन 12 नवंबर को कारसेवक पुरम में वे प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

रामलला के अस्थायी मंदिर के आखिरी दीपोत्सव को यादगार बनाने का प्रयास जारी है। पूरी अयोध्या को 24 लाख दीपों से रोशन किया जाएगा। वहीं दीपोत्सव के साथ-साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां भी चल रही हैं। शनिवार को कारसेवकपुरम में निर्माणाधीन टेंट सिटी की प्रगति देखने अयोध्या विधायक वेदप्रकाश गुप्ता भी पहुंचे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने विधायक के साथ टेंट सिटी के निर्माण की प्रगति देखी।
विधायक ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा से पहले दीपोत्सव की तैयारी चल रही है। सीएम दीपोत्सव में राम राज्याभिषेक समारोह में शामिल होंगे जबकि दूसरे दिन 12 नवंबर को संतों व राममंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को भव्यतम रूप देने के लिए सुझाव लेंगे। बताया कि दीपोत्सव में ही पूरी दुनिया को पता चल जाएगा कि अयोध्या में श्रीराम आने वाले हैं।
ये भी पढ़ें : Mizoram Election 2023: चुनावी सभा में शशि थरूर का दिखा अनोखा अंदाज, स्टेज पर लगाए ठुमके, वीडियो वायरल
पूरी अयोध्या को रामायणकालीन दृश्यों से सजाने का काम शुरू हो गया है। राम की पैड़ी समेत सरयू के घाटों समस्त प्राचीन कुंडों, मठ-मंदिरों पर आकर्षक लाइटिंग की जा रही है। दीपोत्सव में कई ऐसे कार्यक्रम होंगे जो प्राण प्रतिष्ठा तक चलते रहेंगे। लेजर शो, लाइट एंड साउंड शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्राण प्रतिष्ठा तक संचालित होते रहेंगे।
दीपोत्सव में होंगे ये आकर्षण केंद्र ..
.रामायणकालीन तोरण द्वार
. 24 लाख दीप प्रज्ज्वलन
. 44 मठ-मंदिरों में भी दीपोत्सव
. राम की पैड़ी पर लेजर शो
. राम की पैड़ी पर लाइट एंड साउंड शो
. राम राज्यभिषेक यात्रा
. रामकथा पार्क पर मेला
. 12 स्थानों पर सांस्कृतिक मंच
. 4 देशों की रामलीला का मंचन
. 3000 कलाकार देंगे लोक कलाओं की प्रस्तुति।

