न्यूजलिंक हिंदी, मथुरा। दीपावली के दिन मथुरा के राया कस्बा में लगी पटाखा बाजार में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 15 लोग झुलस गए हैं। इनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके साथ ही 2 बाइक और 12 दुकानें जल गईं। बताया जा रहा है कि जब पूरी तरह से पटाखा बाजार जलकर राख हो गई तब दमकल की गाड़ियां आग बुझाने पहुंची।
राया कस्बा के पटाखा बाजार में लगी भीषण आग ने प्रशासनिक इंतजाम की पोल खोल दी। आग लगने के बाद स्थानीय पुलिस को छोड़ न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही अग्निशमन की गाड़ियां। रविवार को लोग दीपावली की खुशियों में डूबे हुए थे। राया में पटाखा बाजार में भी खरीदारी लोग कर रहे थे कि दोपहर दो बजे अचानक पटाखे की एक दुकान में किसी तरह आग लग गई। पलभर में अन्य दुकानों में आग पहुंच गई। धमाकों की आवाज से कस्बा गूंज उठा। लोग मौके पर पहुंच गए। पूरे मार्केट में आग लगने से लोग आग की लपटों में घिर गए। करीब डेढ़ दर्जन लोग आग में झुलस गए।
ये भी पढ़ें: फलस्तीन समर्थकों ने सेंट्रल लंदन में निकाली रैली, पीएम ऋषि सुनक ने हिंसा की इस घटना पर जताई चिंता
शार्ट सर्किट बताई जा रही वजह
पटाखा बाजार में आग की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। बाजार में कुल 22 दुकानें लगी थी। आग बुझाने के यहां समुचित इंतजाम नहीं थे। इस अग्निकांड में करीब 15 लोगों के झुलसे हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वर्जन:
मुख्य अग्निश्मन अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आग लगने के कारण की जांच की जा रही है। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। झुलसे हुए लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया है जहां से चार घायलों को गंभीर हालत में आगरा रैफर कर दिया गया है।

