- -कानपुर से 2.55 बजे विमान को दिल्ली के लिए भरनी थी उड़ान
- -यात्रियों को नीचे उतार हुई सर्चिंग, केमिकल डाल मारा गया चूहा
कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली की उड़ान भरने से पहले एक फ्लाइट में चूहा घुस गया। यात्रियों को नीचे उतारकर सर्चिंग शुरू हुई। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चूहे को केमिकल डालकर मारा गया और बाहर निकाला गया। इसके बाद फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हो सकी। इस घटना के दौरान कई यात्री वापस भी हो गए।

कानपुर एयरपोर्ट पर दिल्ली के लिए जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट रविवार को अपने तय समय पर दोपहर 2:10 बजे आई। यहां से दोपहर 2:55 बजे यह फ्लाइट दिल्ली के लिए उड़ान भरता है। उड़ान की तैयारी पूरी हो चुकी थी। यात्रियों को भी बैठाया जा चुका था। सभी यात्रियों के सवार होने पर पता चला कि विमान में एक चूहा घुस आया है। क्रू मेंबर की नजर केबिन में घूमते एक चूहे पर पड़ी। चूहे की सूचना मिलते ही सभी यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को रोक दिया गया। सभी यात्री विमान से नीचे उतारे गए।
इसके बाद पूरे विमान में चूहे की तलाश के एयरपोर्ट स्टाफ को लगाया गया। टेक्निकल स्टाफ और ग्राउंड क्रू मेंबर ने मिलकर विमान के हर कोने की जांच की। तीन घंटे तक चूहे की तलाश की गई। जब चूहा नहीं दिखा तो केमिकल डालकर चूहे को मारकर बाहर निकाला गया। तीन घंटे के बाद फ्लाइट में यात्रियों को सुरक्षित दिल्ली रवाना किया गया। एयरपोर्ट डॉयरेक्टर संजय कुमार ने बताया कि दिल्ली जा रही फ्लाइट में चूहा देखा गया। जिसके बाद यात्रियों को उतारकर सर्च करने पर चूहे को केमिकल डाल मारकर बाहर निकाला गया। चूहा कैसे पहुंच यह जांच का विषय है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। फ्लाइट तीन घंटे बाद रवाना की गई है।
सभी यात्रियों को लाउंज में सुरक्षित भेजा
इस पूरी घटना के बीच सभी यात्रियों को एयरपोर्ट लाउंज में भेज दिया गया था। देरी होने पर कुछ यात्रियों ने नाराजगी भी जताई। इस दौरान कई यात्रियों ने टिकट कैंसल करा दी और वापस चले गए।


