Agra का लाल जम्मू में आतंकियों से लोहा लेते हुए हुआ शहीद, दीवानी में आज नहीं होगा न्यायिक कार्य

0
262

न्यूज़लिंक हिंदी, आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी जिला शासकीय अधिवक्ता बंसत गुप्ता के कैप्टन पुत्र शुभम गुप्ता के शहीद होने के बाद शहर में शोक की लहर छा गई। जिसने भी सुना स्तब्ध रह गया। शोक में दीवानी में बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्य नहीं होगा।

शुभम के शहीद होने की खबर मिलने के बाद आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल, फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे समेत संस्थाओं से जुड़े लोग बसंत गुप्ता के घर ढांढस बंधाने के लिए पहुंच गए।

ये भी पढ़ें: Dev Diwali News: गंगा महोत्सव का आगाज आज राजघाट पर होगा, 12 लाख दीयों से रोशन होगी काशी

वहीं कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने लिखा है कि दुख की अपार घड़ी में वह शोकाकुल परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। फेसबुक और एक्स प्लेटफार्म के साथ शहर के व्हाटसएप ग्रुपों पर शोक संवेदनाओं का तांता लगा रहा।शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता बसंत गुप्ता जिला शासकीय अधिवक्ता है। दीवानी में जब उनके बेटे के शहीद होने की खबर आई तो शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ अधिवक्ता हेमंत भारद्वाज ने बताया कि अधिवक्ता बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।

युवा अधिवक्ता संघ के मंडल अध्यक्ष नितिन वर्मा ने बताया कि शुभम गुप्ता पिता के साथ कुछ समय पहले दीवानी आए थे। उनसे युवा अधिवक्ताओं ने मुलाकात की थी। वह बहुत ही हंसमुख थे। सभी अधिवक्ता उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।
सेना की सेवा में जाने की चाहत लिए शुभम ने सेंट जॉर्जेस इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की और उसके बाद राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और फिर देहरादून की इंडियन मिलिट्री एकेडमी में वर्ष 2015 में प्रवेश लिया था।

साल 2018 में उन्हें सेना में कमीशन मिला। बेहद जांबाज और निडर शुभम ने स्पेशल फोर्सेज की कठिन ट्रेनिंग की और सेना में कई ऑपरेशनों को अंजाम दिया। उनकी पहली पोस्टिंग ऊधमपुर में थी।

कैप्टन शुभम गुप्ता के शहीद होने की जानकारी बुधवार शाम को सात बजे परिवार के पास आई थी। पहले शाम चार बजे बताया गया था कि शुभम मुठभेड़ में घायल हो गए हैं। इस पर छोटे भाई ऋषभ परिवार के लोगों के साथ जम्मू के लिए रवाना हो गए थे। वह दिल्ली ही पहुंच पाए थे, तभी पता चला कि वह शहीद हो गए हैं। इस पर वो वापस लौट आए। शुभम के भाई नितिन गुप्ता ने बताया कि शहीद शुभम का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार शाम तक घर लाया जा सकता है। शुक्रवार को सैन्य सम्मान के साथ शहीद को अंतिम विदाई दी जाएगी।

शुभम गुप्ता के शहीद होने की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। वह एक परिश्रमी और मेधावी छात्र थे। सेंट जॉर्जेस कॉलेज परिवार की संवेदनाएं शुभम के परिवार के साथ हैं। हमें शुभम की शहादत पर नाज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here