न्यूजलिंक हिंदी, लखनऊ। राज्यसभा में उत्तर प्रदेश की दस सीटों के लिए हुए चुनाव में मंगलवार को भाजपा ने आठ और सपा ने दो सीटें जीतीं। जबकि कांग्रेस के समर्थन के बावजूद समाजवादी पार्टी के तीसरे प्रत्याशी और पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन चुनाव हार गए। भाजपा के आरपीएन सिंह, नवीन जैन, साधना सिंह, डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, अमर पाल मौर्य, तेजवीर सिंह, व डॉ. संगीता बलवंत सिंह जीते इसी तरह सपा की जया अमिताभ बच्चन और रामजी लाल सुमन राज्यसभा पहुंच गए। सपा के सात और सुभासपा के एक विधायक ने क्रास वोटिंग की।
राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हुआ। 399 विधायकों को मतदान करना था, लेकिन सपा के दो और सुभासपा का एक विधायक जेल में होने के कारण वोट नहीं कर पाए। जबकि, सपा की एक विधायक महराजी देवी मतदान करने नहीं आईं। मतदान करने वाले 395 विधायकों में से सपा के विधायक शहजिल इस्लाम का मत खारिज हो गया। वैध मतों के आधार पर मतगणना की गई। भाजपा के प्रत्याशियों को प्रथम वरीयता के 294 और सपा प्रत्याशियों को 100 मत मिले।
जीतने वालों में किसे मिले कितने मत
अमर पाल मौर्य (भाजपा)-38, जया अमिताभ बच्चन (सपा)-41, तेजवीर सिंह (भाजपा)-38, नवीन जैन (भाजपा)-38, आरपीएन सिंह(भाजपा)-37, रामजी लाल सुमन (सपा)-40, साधना सिंह(भाजपा)-38, डॉ. सुधांशु त्रिवेदी(भाजपा)-38, डॉ. संगीता बलवंत(भाजपा)-38, संजय सेठ(भाजपा)-29
इन्होंने की क्रास वोटिंग
सपा के मुख्य सचेतक मनोज पांडेय, विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, राकेश पांडेय, पूजा पाल, विनोद चुतर्वेदी, आशुतोष मौर्य ने भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ को मतदान किया। सुभापसा के विधायक जगदीश नारायण राय ने सपा को वोट दिया। जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति की विधायक पत्नी महराजी देवी ने मतदान नहीं किया।

