न्यूज़लिंक हिंदी। लोकसभा चुनाव के पहले बसपा के अंबेडकर नगर से सांसद रितेश पांडेय ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके पार्टी छोड़ने की बातें काफी समय से हो रही थीं। राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चाएं हैं कि वह भाजपा का दामन थाम सकते हैं। कई दिनों से चली आ रही अटकलों के बीच बसपा सांसद रितेश पांडेय ने रविवार को पार्टी छोड़ दी। उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती को भेजे पत्र में कहा कि लंबे समय से न तो पार्टी की बैठकों में बुलाया जा रहा है और न ही नेतृत्व स्तर से कोई संवाद हो रहा है। कहा कि मैने आपसे और वरिष्ठ पदाधिकारियों से वार्ता के बहुत प्रयास किए लेकिन परिणाम नहीं निकला। पार्टी को मेरी सेवाओं की जरूरत अब नहीं है। पार्टी से नाता तोड़ने का निर्णय भावनात्मक रूप से कठिन है लेकिन अब कोई और विकल्प भी नहीं है।

मायावती के नाम लिखा पत्र
सांसद रितेश पांडे ने मायावती के नाम एक्स पर पोस्ट कर कहा- ‘ सार्वजनिक जीवन में बसपा के माध्यम से जब से मैंने प्रवेश किया, आपका मार्गदर्शन मिला, पार्टी पदाधिकारियों का सहयोग मिला तथा पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने मुझे हर कदम पर अंगुली पकड़कर राजनीति एवं समाज के गलियारे में चलना सिखाया। पार्टी ने मुझे उत्तर प्रदेश विधानसभा और लोकसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया, पार्टी ने मुझे लोकसभा में संसदीय दल के नेता रूप में कार्य का अवसर भी दिया।’

पार्टी पर लगाए आरोप
सांसद ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा- ‘लंबे समय से मुझे न तो पार्टी की बैठकों में बुलाया जा रहा है और न ही नेतृत्व के स्तर पर संवाद किया जा रहा है। मैंने आपसे तथा शीर्ष पदाधिकारियों से संपर्क के लिए, भेंट के लिए अनगिनत प्रयास किये, लेकिन उनका कोई परिणाम नहीं निकला। इस अंतराल में में अपने क्षेत्र में एवं अन्यत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से निरंतर मिलता-जुलता रहा तथा क्षेत्र के कार्यों में जुटा रहा।
ये भी पढ़े : Bharat Jodo Yatra: आगरा में आज राहुल के साथ न्याय यात्रा में शामिल होंगे अखिलेश, यहां होगी जनसभा
ऐसे में में इस निष्कर्ष पर पहुँचा हूँ कि पार्टी को मेरी सेवा और उपस्थिति की अब आवश्यकता नहीं रही इसलिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने के अलावा मेरे समक्ष कोई विकल्प नहीं है। पार्टी से नाता तोड़ने का यह निर्णय भावनात्मक रूप से एक कठिन निर्णय है।’ बता दें अंबेडकरनगर से सांसद रितेश पांडे के भाजपा में शामिल होने की अटकले लगाई जा रही है।

