न्यूज़लिंक हिंदी। अब देश के हर एक छात्र की बनेगी अपार आईडी, राजकीय एवं निजी स्कूलों में पहली से 12वीं कक्षा तक के स्टूडेंट्स की पूरी जानकारी एक क्लिक में निकल सकेगी।
और इतना ही नहीं, अगर किसी छात्र की मार्कशीट या अन्य दस्तावेज खो गए हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं होगी। छात्रों की अपार आईडी बनाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। यह योजना वन नेशन वन आईडी के तहत ही चलाई जा रही है।
अपार आईडी की ऑफिशियल वेबसाइट apaar.education.gov.in है। इसी साइट पर स्टूडेंट्स की अपार आईडी के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी किया जाना है। हालांकि ये प्रक्रिया स्कूलों द्वारा पूरी की जानी है। आप जान लें इस आई-कार्ड के फायदे।
कई बार छात्रों के शैक्षणिक दस्तावेज खो जाते हैं। डुप्लीकेट डॉक्यूमेंट्स बनवाने में छात्रों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। हरियाणा बोर्ड की बात करें तो कई बार भिवानी स्थित HBSE Board कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद मार्कशीट सहित अन्य दस्तावेज जाकर बना पाते हैं।
अपार आईडी बनने के बाद छात्रों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसमें सब कुछ उपलब्ध होगा। पूरा रेकॉर्ड अपार आईडी में होने से फर्जीवाड़े की संभावनाएं बंद हो जाएंगी। लोग अब चाह कर भी फर्जी दस्तावेज नहीं बनवा पाएंगे। इससे पारदर्शिता आएगी। कई बार लोग नौकरी पाने के लिए फर्जी दस्तावेज बनवाकर नौकरी भी प्राप्त कर लेते हैं।
ऐसे में योग्य उम्मीदवार रोजगार से वंचित रह जाते हैं। APAAR ID के जरिए नियोक्ता एक क्लिक में उम्मीदवार की सारी जानकारी देख सकेंगे और सही उम्मीदवार का चुनाव भी कर सकेंगे।
अब इस योजना के अनुसार भारत सरकार की ओर से प्रत्येक छात्रों को 12 अंकों का एक यूनिक नंबर जारी किया जाएगा। इस अपार आईडी में छात्रों की पढ़ाई से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। इसमें मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम पीटीएम उपस्थिति सहित अन्य जानकारी भी मोजोद रहेगी।

