न्यूज़लिंक हिंदी। ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट में पाकिस्तान पर 360 रनों की जीत दर्ज की। 450 रनों का पीछा करते हुए मेहमान टीम अपनी दूसरी पारी में 89 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ कंगारुओं ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। पाकिस्तान की इस करारी हार पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन का बयान सामने आया है। उन्होंने पाक टीम पर तंज कसा है। वहीं, रमीज राजा ने भी अपनी टीम पर निशाना साधा है।
ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए वॉन ने पैट कमिंस की अगुआई वाली टीम की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी काफी अच्छे हैं। उनके पास हर एक मामले में एक्सपर्ट मौजूद हैं और उन्होंने सबकुछ कवर किया है। नाथन लियोन ने 500 टेस्ट विकेट के लिए काफी मेहनत की। अविश्वसनीय उपलब्धि! केवल बीसीसीआई और भारत के पास इस स्तर पर ऑस्ट्रेलिया में प्रतिस्पर्धा करने के लिए उपकरण (खिलाड़ी) हैं।’
रमीज राजा और वसीम अकरम ने क्या कहा?
वहीं, पाक के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने भी अपनी टीम की आलोचना की है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा- पाकिस्तान के रेसिस्टेंस मेनू से इंटेंट और तकनीक दोनों गायब थे। दूसरी पारी में महज 31 ओवर में आउट होना निराशाजनक था। ऑस्ट्रेलियाई दूसरे स्तर पर थे।
पाकिस्तान के ही पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने भी अपनी टीम को नसीहत दी है। उन्होंने कहा- ऑस्ट्रेलिया में खेलना बिल्कुल ही अलग अहसास है। अकरम ने कहा- कूकाबूरा गेंद 15 ओवर के बाद कोई हरकत नहीं करती। वे चाहते हैं कि आप शॉर्ट बॉल करें। उन्हें उछाल का अहसास हो जाता है। वे अच्छी तरह से पुल और हुक लगा सकते हैं।
ये भी पढ़ें : Kanpur Weather Update: जम्मू और शिमला से भी ठंडा कानपुर, आठ साल की सबसे सर्द रात, भारी पड़ सकती है लापरवाही
सभी पाकिस्तानी गेंदबाजों को मेरी सलाह है कि आपकी बॉलिंग लेंथ अहम है। जिस मिनट आप लेंथ सही कर लेते हो, आप बल्लेबाजों को परेशान करने लग जाते हो, लेकिन ऐसा शॉर्ट बॉल पर संभव नहीं है। ऑप्टस क्रिकेट ग्राउंड पर यहां उछाल से उत्साहित न हों। अकरम का बाबर के आउट होने पर रिएक्शन भी खूब वायरल हो रहा है। वह खीझ के हाथ पटकते हैं।
लियोन ने रचा इतिहास
बता दे कि पाकिस्तान के किसी भी बल्लेबाज ने दूसरी पारी में अर्धशतक नहीं लगाया। वहीं, लियोन ने टेस्ट में अपने 500 विकेट पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले ऑस्ट्रेलिया के तीसरे गेंदबाज बन गए। उनसे पहले महान स्पिनर शेन वॉर्न और तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ने टेस्ट में 500 से ज्यादा विकेट लिए थे। रविवार (17 दिसंबर) को मैच के चौथे दिन लियोन ने पाकिस्तान की दूसरी पारी में फहीम अशरफ को अपना 500 शिकार बनाया।
ये भी पढ़ें : Kanpur News : कानपुर में गंगा बैराज पर स्टंटबाजों ने फिर दौड़ाई बाइक, तीन बाइक सीज
36 साल के इस स्पिनर ने 2019 के बाद वनडे या टी20 क्रिकेट नहीं खेला है। उन्होंने टेस्ट पर ध्यान दिया। इससे उनका करियर लंबा हो गया। लियोन ने अपने 123वें मैच में 500वीं सफलता हासिल की।

