न्यूज़लिंक हिंदी, आयोध्या। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले दिसंबर में पीएम नरेंद्र मोदी के अयोध्या आने की तारीख अब तय हो गई है। वह 30 दिसंबर को यहां आएंगे। इसी दिन पीएम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और अयोध्याधाम के विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन के साथ कई अन्य सौगातें भी देंगे।
यह जानकारी शुक्रवार को अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने साझा की उन्होंने बताया कि पीएम मोदी 30 दिसंबर को देश के सबसे सुंदर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के साथ कई और बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। यहां के लोग सौभाग्यशाली हैं कि अयोध्या विश्व की श्रेष्ठतम नगरी बन रही है।
आपको बता दे कि पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इसे विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देने के साथ पर्यटन नगरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। एयरपोर्ट और अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन का लोकार्पण हो जाने के बाद यहां आर्थिक प्रगति को नई उड़ान मिल सकेगी। इसका लाभ अयोध्यावासियों को मिलेगा। सूत्रों ने बताया कि पीएम अयोध्या से दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन की भी शुरुआत कर सकते हैं।
लखनऊ में होटलों की एडवांस बुकिंग नहीं
बता दे कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के मद्देनजर 20 जनवरी से 23 जनवरी तक लखनऊ के होटलों की एडवांस बुकिंग नहीं होगी। लखनऊ होटल एसोसिएशन के साथ शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हुई बैठक में मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद ने इस बाबत निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि होटल व्यवसायी अपने कर्मचारियों को प्रशिक्षित करें। अतिथियों से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क न वसूलें।

