न्यूज़लिंक हिंदी, अयोध्या। भव्य रामलला मंदिर में प्राण- प्रतिष्ठा के अनुष्ठान का आज दूसरा दिन है। 17 जनवरी यानी आज बुधवार को अपराह्न 1:20 के पश्चात जलयात्रा, तीर्थपूजन, ब्राह्मण-बटुक- कुमारी -सुवासिनी पूजन, वर्धिनीपूजन, कलशयात्रा एवं भगवान श्री रामलला की मूर्ति का प्रासाद परिसर में भ्रमण होगा। यह जानकारी वैदिक विद्वान आचार्य गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने दी है।
बता दे कि कल यानी मंगलवार को रामजन्मभूमि स्थान पर निर्मित हुए श्री राम मन्दिर में 22 जनवरी के प्रतिष्ठा महोत्सव के अन्तर्गत् 16 जनवरी को अनिल मिश्रा ने सांगोपांग सर्व प्रायश्चित्त किया तथा सरयू नदी में स्नान किया। विष्णुपूजन करके पञ्चगव्य एवं घी से होम कर पंचगव्यप्राशन किया। द्वादशाब्द पक्ष से प्रायश्चित स्वरूप गोदान किया। दशदान के पश्चात मूर्ति-निर्माण स्थान पर कर्मकुटी होम किया। हवन के समय आचार्य वैदिकप्रवर लक्ष्मीकान्त दीक्षित मौजूद रहे। मण्डप में वाल्मीकि रामायण व भुशुण्डिरामायण का आरम्भ हुआ।
11 पुजारी सभी ‘देवी-देवताओं’ का आह्वान होगा
राम मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने कहा, ‘अनुष्ठान शुरू हो गया है और 22 जनवरी तक जारी रहेगा। 11 पुजारी सभी ‘देवी-देवताओं’ का आह्वान करते हुए अनुष्ठान कर रहे हैं.’ इस महीने की 22 तारीख तक चलने वाले अनुष्ठान में यजमान मंदिर न्यास के सदस्य अनिल मिश्रा और उनकी पत्नी उषा मिश्रा हैं। अनिल मिश्रा ने स्वयं इसकी पुष्टि की है।
ये भी पढ़ें : Himachal Pradesh: CM सुक्खू का एलान- 7 हजार विधवा नारियों को घर बनाने के लिए डेढ़ लाख देगी सरकार

