संभल हिंसा: जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन हुआ अलर्ट, शाही जामा मस्जिद न आएं, मंडलायुक्त की अपील

0
99

न्यूज़लिंक हिंदी। संभल में शाही जामा मस्जिद सर्वे के दौरान रविवार 24 नवंबर को भड़की हिंसा के बाद से माहौल में तनाव बहुत ही ज्यादा बढ़ा हुआ है। इसको देखते हुए जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता इंतेजाम किया गया है।

मुरादाबाद मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह जानकारी दी। इसको लेकर शहर में सुरक्षा के चाक-चौबंद किए गए हैं। मंडलायुक्त ने आम लोगों से अपील भी की है कि शुक्रवार को जुमे की नमाज को वे अपने इलाके की मस्जिदों में ही जाएं। शाही जामा मस्जिद में न आएं। साथ ही, इलाके में सुरक्षा बलों के पैदल मार्च की भी जानकारी दी।

मंडलायुक्त ने ये भी कहा कि शहर में शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हर प्रकार का कदम उठाया जा रहा है। पीस कमेटी के साथ मीटिंग हुई है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि लोग अपनी-अपनी मस्जिदों में ही नमाज पढ़ें। उन्होंने कहा कि संभल में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल मौजूद हैं। सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।

उन्होंने ये भी दावा किया कि जुमे की नमाज के दौरान शहर में हर जगह शांति रहेगी। उन्होंने मंडल के सभी पांच जिलों में शांति स्थापित होने की बात भी कही है। मुरादाबाद मंडलायुक्त ने लोगों से अपनी-अपनी मस्जिदों में नमाज पढ़ने की अपील की है। कमिश्नर ने कहा कि कम से कम लोग जामा मस्जिद आएं, इस तरह का प्रयास हो। मंडलायुक्त ने कहा कि जुमे की नमाज में बाहरी ताकतें बिल्कुल भी न घुस पाएं, ऐसी हमारी कोशिश होगी।

16 कंपनियां बाहर से मंगाई गई हैं। स्थानीय पुलिस स्टैंडबाय मोड पर है। कोशिश यह है कि कोई उकसावे वाली घटना न हो। कोर्ट में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मंडलायुक्त ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। शहर में शुक्रवार शाम तक के लिए इंटरनेट पर पूरी तरह से बैन लगा हुआ है। साथ ही, बाहर के लोगों से जामा मस्जिद न आने की अपील भी की जा रही है।

मंडलायुक्त ने ये भी कहा कि जामा मस्जिद आने वालों के आधार कार्ड की जांच होगी। तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था में जुमे की नमाज होगी। कोर्ट कमिश्नर के सर्वे का आदेश 19 नवंबर को ही जारी किया गया था। दो दिन सर्वे करने के बाद रिपोर्ट भी तैयार कर ली गई है। कोर्ट ने रिपोर्ट देने के लिए कमिटी को 29 नवंबर तक का ही समय दिया था। अगर सबकुछ ठीक रहा तो आज कोर्ट में रिपोर्ट भी जमा हो जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here