न्यूज़लिंक हिंदी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने से एक दिन पहले मीडिया को संबोधित करते हुए ये दावा किया कि 4 जून को देश नकारात्मक शक्तियों से मुख्य रूप से आजाद होने जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल पर बयान दिया। मुद्दों के सहारे मोदी सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के झूठे राष्ट्रवाद ने देश को बहुत ही ज्यादा नुकसान पहुंचाया। सामाजिक रूप से देश का सौहार्द्र बिगाड़ा। भाईचारा खत्म किया। जाति के खिलाफ जाति और संप्रदाय के खिलाफ संप्रदायों को लड़वाया।
संविधान द्वारा दिए गए आरक्षण को साजिशन खत्म करने की कोशिश की गई। बेरोजगारों से पूर्ण छल किया। पेपर लीक कराए। देश के लिए आगे बढ़कर लड़ने वालों के लिए अपने मंत्रियों से जानबूझकर अपशब्द कहलवाए। मणिपुर, हाथरस, महिला पहलवान, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार और सबसे खराब व्यवहार किए जाने का रिकॉर्ड बनाया।
भाजपा ने आर्थिक रूप से इलेक्टोरल बॉन्ड का ऐतिहासिक भ्रष्टाचार किया। इसके जरिए पैसा कमाने के लिए मुनाफाखोरी को बढ़ावा दिया जिसने महंगाई को बढ़ाया। अपने फायदे के लिए भाजपा ने जनता पर महंगाई थोप दी। नोटबंदी से व्यापार चौपट कर दिया। भ्रष्ट जीएसटी से छोटे दुकानदार को मंदी का शिकार बना दिया।
किसानों की जमीन भी हड़पनी चाही। काले कृषि कानून लाए। खाद की बोरी की चोरी की। लाभकारी मूल्य तक नहीं दिया। देश को अब तक की सबसे बड़ी बेरोजगारी में पूर्ण रूप से धकेल दिया। महंगाई से गरीब को और गरीब कर दिया। अमीरों के अरबों के लोन माफ कर दिए लेकिन किसानों का ऋण नहीं माफ किया। उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया।
शारीरिक रूप से देखें तो भाजपा ने लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ किया। भाजपा ने बिना जांचे परखे वैक्सीन लगवाई। कमीशन लेकर गलत दवाइयों को पास करके लोगों का जीवन खतरे में भी डाला। इसका सीधा असर जनता की सेहत पर पड़ेगा और लोगों की तंदुरुस्ती पर भी पड़ेगा। भाजपा पीढ़ियों पर प्रहार की दोषी भी है। अब देश नकारात्मक शक्तियों से आजाद होने जा रहा है।

