न्यूज़लिंक हिंदी। भागलपुर में पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर से 5 शव बरामद किए गए हैं। बताया जाता है कि महिला कॉन्स्टेबल के पति ने अपनी पत्नी-सास और दो बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी।
इस घटना को अंजाम देने के बाद उसने खुदकुशी भी कर ली, मौके पर पुलिस पहुंच गई है और मामले की छानबीन भी की जा रही है। मृतक सिपाही की पहचान नीतू कुमारी के रूप में हुई है, महिला अपनी मां और दो बच्चों के साथ वहां रहती था।
आज सुबह कमरे से उसके पति समेत 5 लोगों के शव मिले हैं, पुलिस के मुताबिक शवों को देखकर लगता है कि नीतू के पति ने पहले पत्नी, दोनों बच्चे और सास की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे की वजह घरेलू कलह बताई जा रही है।
वहीं, मौके पर पहुंचे डीआईजी विवेकानंद ने बताया कि ये लोग बक्सर जिले के रहने वाले हैं, उनके परिजनों को घटना की सूचना भी दे दी गई है। मृतक नीतू कुमारी 2015 बैच की कॉन्स्टेबल थी। उसने लव मैरिज की थी। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच रिश्ते ठीक नहीं थे।
डीआईजी विवेकानंद ने बताया कि आसपास के लोगों से पता चला है कि दोनों के बीच पिछले कई दिनों से झंझट चल रहा था, सड़क पर भी दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ। कल शाम भी दोनों में झगड़े की बात सामने आई है।
हालांकि नीतू ने पति के खिलाफ कभी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, दोनों के बीच ही ये मामला था। सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल के बाद ही बता पाएंगे। घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें किसी के साथ संबंध होने का पूर्ण आरोप भी लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।