न्यूज़लिंक हिंदी। खालिस्तान समर्थक आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर हत्याकांड को लेकर भारत और कनाडा के बीच जारी कूटनीतिक विवाद थमता नजर नहीं आ रहा। दोनों देशों के बीच चल रही खींचतान दिनों दिन बढ़ती जा रही है। कनाडा के आरोपों के बाद से भारत ने उनपर अपना कड़ा रुख दिखाया है। बीते दिनों में भारत ने कनाडा के नागरिकों को वीजा देने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद कनाडा ने भारत के द्वारा लिए जा रहे निर्णयों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन कर रहा है।
बताया जाता है कि भारत के अलावा कनाडा ऐसा देश हैं जहां सिखों की संख्या सबसे अधिक है। दरअसल पिछले महीने से दोनों देशों के बीच रिश्तों में तनाव आ गया है। खालिस्तान समर्थक आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद से दोनों देशों के बीच के रिश्ते बिगड़े थे। जिसके बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने आरोप लगाए थे कि निज्जर की हत्या के पीछे भारत का हाथ है। जिसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव की स्तिथियां अब तक बनी हुई है।
ये भी पढ़े : Mathura News: 15 नवंबर तक परेशान कर सकता है ‘डेंगू का डंक’, जिला अस्पताल में तैनात किये गये नोडल अधिकारी
41 राजनयिकों वापस लौटे कनाडा
इसके बाद एक्शन लेते हुए कनाडा ने भारत के राजनयिक को निकाल दिया था। वहीं, जवाबी कार्रवाई करते हुए भारत ने भी कनाडाई राजनयिक को हटा दिया था। इसके बाद शुक्रवार को कनाडा सरकार की तरफ से बताया गया कि उसने भारत स्थित उच्चायोग से 41 राजनयिकों को वापस बुला लिया है। बता दें, कि भारत ने कुछ हफ्तों पहले ही कनाडा से कहा था कि वह दिल्ली में स्थित अपने उच्चायोग से दर्जनों कर्मचारियों को वो वापस बुला लें, वरना उन्हें मिलने वाली इम्युनिटी भारत वापस ले लेगा।
अब खबर यह आ रही है की कनाडा ने मुंबई में अपना वीजा और काउंसलर एक्सेस बंद कर दिया है। जो की भारत से कनाडा जाने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए बुरी खबर है। जो भी अब कनाडा की यात्रा करना चाहते हैं उन्हें वीजा के लिए हेड ऑफिस दिल्ली से प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके साथ ही तनाव के बीच कनाडा ने भारत से अपने 41 राजनयिकों को भी वापस बुला लिया है। कनाडा ने अपने इस निर्णय के पीछे का फिलहाल कोई कारण नहीं बताया है।
ये भी पढ़े : डेटिंग एप के जरिये युवाओं से ठगी करने वाली शातिर हसीना अरेस्ट, UK से किया है MBA
मुंबई ऑफिस में काम करने वाले स्टाफ का कहना है कि नागरिक अपने समस्याओं के लिए हमें मेल कर सकते हैं। फिलहाल ऑफिस में सभी प्रक्रियाएं बंद हैं। वीजा से जुड़े सभी काम अब दिल्ली के दफ्तर से किए जाएंगे।
क्या बोली कनाडा की विदेश मंत्री
कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली ने गुरुवार देर रात कहा कि हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि भारत ने आधिकारिक तौर पर यह बताया है कि वह 20 अक्टूबर, 2023 से कनाडा के 21 राजनयिकों व उनके स्वजन के अलावा अन्य सभी राजनयिकों को कूटनीतिक छूट अपने आप हटा देगा। इसका मतलब है कि कनाडा के 41 राजनयिकों और उनके आश्रितों को मिली कूटनीतिक छूट अब खत्म की जा सकती है। इन राजनयिकों और उनके स्वजन पर भारत के फैसले के संभावित असर को देखते हुए उन्हें भारत से सुरक्षित हटा दिया गया है।
इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि किसी भी देश को कूटनीतिक छूट का अनादर नहीं करना चाहिए और इसे मनमाने तरीके से हटाने का फैसला नहीं करना चाहिए। इस फैसले से भारत स्थित कनाडाई उच्चायोग की तरफ से भारतीय नागरिकों को सेवा देने पर असर होगा। कनाडा की विदेश मंत्री ने भारत के इस फैसले को अनुचित और विवाद को बढ़ाने वाला भी बताया है।

