BJP नेताओं ने सोशल मीडिया पर लिखा ‘मोदी का परिवार’, लालू यादव के बयान पर हुआ पलटवार

भाजपा नेताओं ने अगले दिन सोशल मीडिया पर 'मोदी का परिवार' अभियान शुरु कर दिया। इस अभियान के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित कई नेताओं ने अपने 'एक्स' प्रोफाइल पर अपने नाम के आगे 'मोदी का परिवार' लिखा।

0
320

न्यूज़लिंक हिंदी। भाजपा अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया पर अपना बायो बदल लिया है। भाजपा नेताओं ने अपने बायो में नाम के आगे ‘मोदी का परिवार’ लिख लिया है। रविवार को बिहार में जन विश्वास महारैली के दौरान राजद नेता लालू प्रसाद यादव ने परिवारवाद के मुद्दे पर पीएम मोदी पर निशाना साधा था।

उसी के पलटवार में भाजपा नेताओं ने अगले दिन सोशल मीडिया पर ‘मोदी का परिवार’ अभियान शुरु कर दिया। इस अभियान के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित कई नेताओं ने अपने ‘एक्स’ प्रोफाइल पर अपने नाम के आगे ‘मोदी का परिवार’ लिखा।

आपके परिवार नहीं है…आप हिंदू भी नहीं
आपको बता दे कि लालू प्रसाद यादव ने पटना के गांधी मैदान पर आयोजित हुई रैली में कहा कि ‘ये मोदी क्या है? नरेंद्र मोदी इन दिनों परिवारवाद पर हमला कर रहे हैं, लेकिन पहले उन्हें बताना चाहिए कि उनके पास परिवार और बच्चे क्यों नहीं हैं। जिन लोगों के ज्यादा बच्चे हैं, उन्हें वे वंशवादी राजनीति बता रहे हैं। आपके परिवार नहीं है…आप हिंदू भी नहीं हैं। हर हिंदू अपनी मां के मरने पर मुंडन कराता है, लेकिन आपने अपनी दाढ़ी और बाल क्यों नहीं कटवाए, इसका जवाब दीजिए।’

140 करोड़ देशवासी मेरा परिवार -पीएम मोदी
वहीं लालू के आरोपों पर पीएम मोदी ने तेलंगाना की जनसभा में जवाब भी दिया। उन्होंने कहा कि ‘भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण में डूबे विपक्षी गठबंधन के नेता बौखलाते जा रहे हैं। मैं इनके परिवारवाद पर सवाल उठाता हूं, तो इन लोगों ने अब बोलना शुरू कर दिया है कि मोदी का कोई परिवार नही है। मैं इनसे कहना चाहता हूं कि 140 करोड़ देशवासी मेरा परिवार हैं। जिनका कोई नहीं है, वो भी मोदी के हैं और मोदी उनका है। मेरा भारत ही मेरा परिवार है।’

वहीं, दूसरी तरफ कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने अपने ‘एक्स’ प्रोफाइल पर अपने नाम के आगे ‘मोदी का परिवार’ जोड़ दिया। सबसे पहले भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने अपने प्रोफाइल में यह बदलाव किया।

ये भी पढ़ें : BJP: चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद भाजपा अध्यक्ष से मिले पवन सिंह, मीडिया को बताई अंदर की बात

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here