न्यूज़लिंक हिंदी। आसनसोल से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद सोमवार यानी आज पवन सिंह ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।
अभी थोड़ा इंतजार कीजिए
बता दे कि पवन सिंह को मीडिया ने पूछा कि क्या आप चुनाव लड़ेंगे? तो, इस पर पवन सिंह ने कहा कि समय बताएगा अभी कुछ भी कह नहीं सकते। इस बीच उन्होंने जे पी नड्डा से हुई मुलाकात को लेकर कहा कि मुलाकात हो गई है। मैंने अपनी बातें रख दी हैं। आगे जो भी होगा मैं आप सभी से जरूर साझा करूंगा। अभी थोड़ा इंतजार कीजिए।
बता दे कि भाजपा ने शनिवार शाम को लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में 195 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया था। इसी लिस्ट में भाजपा ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह को बंगाल की आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आसनसोल से चुनाव न लड़ने के फैसले की जानकारी दी।
पवन सिंह के नाम की घोषणा होने के साथ ही बंगाल में सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने उनपर निशाना साधना शुरू कर दिया था। तृणमूल ने कहा था कि पवन सिंह ने अपने गानों के माध्यम से बंगाल की महिलाओं का अपमान किया है। तृणमूल प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने एक्स पर लिखा था-‘भोजपुरी में रिलीज पवन सिंह के विभिन्न गानों व वीडियो में बंगाल की महिलाओं के प्रति असम्मान जताया गया है। वहीं तृणमूल के एक अन्य नेता ऋजु दत्त ने तंज कसते हुए लिखा था-‘अभिनेत्री अक्षरा सिंह आसनसोल के लोगों से कुछ कहने आएंगी। प्रतीक्षा कीजिए।
दरअसल पवन सिंह के एक गाने में बंगाल की महिलाओं के लिए विवादित बोल हैं। इस पर विवाद भी हो चुका है । कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘भाजपा ने आसनसोल लोकसभा सीट पर जिस उम्मीदवार को उतारा है, उसके द्वारा बनाए गए कंटेंट को देखकर मेरा सिर शर्म से झुक गया। लोकतंत्र का अंत नजदीक ही है।’
ये भी पढ़ें : स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन, कई अधिकारी रहे मौजूद

