Bhupendra Chaudhary in Kanpur: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले यूपी की 80 लोकसभा सीटें जीतेंगे हम, गठबंधन पर कही यह बात

0
250

न्यूज़लिंक, कानपुर । मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर 30 मई से एक महीने तक भाजपा कई जनसभाएं और अभियान चलाएगी। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सरकार का लेखा-जोखा लेकर घर-घर पहुंचेंगे। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की कार्यसमिति बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने 17 जिलों से आए पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को काम बांटे। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में भाजपा सरकार के कई मंत्री भी शामिल हुए।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मंच से कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के सभी संकल्पों को पूरा किया है। धारा 370 हटाने का काम भाजपा ने किया, प्रभु श्रीराम के जन्म स्थान पर भव्य मंदिर निर्माण हो रहा है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण, तीन तलाक पर रोक जैसे बड़े निर्णयों के साथ किसान सम्मान निधि, आयुष्मान योजना, मुद्रा योजना, निशुल्क राशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं पर काम हुआ। उन्होंने कहा कि महासंपर्क अभियान के माध्यम से सतत संपर्क व संवाद की परम्परा के साथ भाजपा अपनी सरकार के काम-काज का लेखा-जोखा लेकर लोक दरबार में ले जाएगी। उन्होंने कहा कि 30 मई को केंद्र की मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। एक महीने तक कई कार्यक्रम व अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

बैठक में यह लोग रहे शामिल
बैठक में प्रदेश महामंत्री और क्षेत्र की प्रभारी प्रियंका सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, मंत्री राकेश सचान, प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई, कमलावती सिंह, देवेश कोरी, जनसंपर्क अभियान के क्षेत्रीय समन्वयक दिनेश राय रहे। इसके साथ ही बैठक में मंत्री असीम अरुण, मनोहर लाल पंथ मन्नू कोरी, अजीत पाल, रामकेश निषाद, प्रतिभा शुक्ला, सांसद सत्यदेव पचौरी, देवेंद्र सिंह भोले, सुब्रत पाठक, अनुराग शर्मा, आर के पटेल, पुष्पेंद्र चंदेल, मुकेश राजपूत, विधायक नीलिमा कटियार महेश त्रिवेदी सुरेंद्र मैथानी तथा क्षेत्रीय पदाधिकारियों में मुखलाल पाल, सुधीर सिंह, अशोक राजपूत, अनीता गुप्ता, अनिल यादव, आनंद सिंह, शिव महेश दुबे, इंद्रपाल पटेल, संत विलास शिवहरे, संजीव उपाध्याय, मोहित पांडेय, अनूप अवस्थी, दीप अवस्थी, जिलाध्यक्ष बीना आर्या पटेल, सुनील बजाज, कृष्ण मुरारी शुक्ल, अविनाश सिंह चौहान, महेंद्र विक्रम सिंह, हर्ष द्विवेदी, आयुष्मान सिंह चन्देल रहे।


उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा बूथ स्तर पर महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नेताओ द्वारा घर-घर जनसंपर्क कर केंद्र और राज्य सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों का पत्रक वितरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा जिसे कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर क्षेत्रीय जनता के साथ सुनने की योजना बनानी है। इसी प्रकार 25 जून को मन की बात कार्यक्रम बूथ स्तर पर सुनना है।


25 जून के ही दिन कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाया था इसी दिन भाजपा प्रत्येक विधानसभा में प्रबुद्ध सम्मेलन करेगी। जहां आपातकाल की विभीषिका पर चर्चा कर भाजपा कांग्रेस पार्टी को घेरेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिलों में 21 मई तक जिला कार्यसमिति और 22, 23 और 24 मई को मंडल की कार्यसमिति की बैठक का आयोजन करना है।

एक महींने के दौरान भाजपा अलग-अलग वर्गों के सम्मेलन भी आयोजित करेगी। प्रबुद्ध व व्यापारी सम्मेलन के जरिए लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताएगी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठक आयोजित की जाएगी जिसमें सांसद, विधायक, राष्ट्रीय पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी से लेकर मंडल पदाधिकारी टिफिन बैठक करेंगे। सभी सातों मोर्चे का संयुक्त सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा, साथ ही विधानसभा स्तर पर केंद्र व प्रदेश सरकार के लाभार्थियों का सम्मेलन की भी योजना बनाई गई है। जिसमें लाभार्थियों को आमंत्रित किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को प्रत्येक शक्ति केंद्र पर योग दिवस कार्यक्रम का भी आयोजन करना है।

प्रेसवार्ता में बोले: भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों को जीतने का लक्ष्य बनाया है, हम क्लीन स्वीप के इरादे से चुनाव में जाएंगे। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की एक दिवसीय कार्यसमिति बैठक में साकेत नगर के मंदाकिनी पैलेस में पहुंचे भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि 30 मई को मोदी सरकार के नौ साल पूरे हो रहे हैं। भाजपा पूरे एक महीने जनसभाओं के साथ ही महाजनसंपर्क अभियान चलाएगी। विधानसभा और लोकसभा स्तर पर 17 जिलों से आए पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को कार्य बांट दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा मोदी सरकार के पूरे रिपोर्ट कार्ड के साथ घर-घर पहुंचेगी। कर्नाटक चुनाव में हार पर भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि मैं, कर्नाटक में नहीं हूं, और न ही मेरा वह कार्यक्षेत्र है कि, लेकिन जनादेश का सम्मान है। मुझे लगता है कि कर्नाटक की जनता को हम अपनी बात सही से नहीं पहुंचा पाए हैं। पार्टी हार की समीक्षा कर रही है। जो कमी रह गई है उसपर मंथन किया जा रहा है। फिल्म केरल स्टोरी पर कहा कि हम किसी विचारधारा को नहीं बढ़ा रहे हैं। फिल्म में जो दिखाया गया वह सच्ची घटना है। राम मंदिर को लेकर कहा कि राम भगवान आस्था का विषय है जब मंदिर खुलेगा तो सभी दर्शन करेंगे। लोकसभा चुनाव का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

सत्ता के लालची स्वार्थ में करते हैं गठबंधन
लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ जो पार्टी मिलकर गठबंधन करते हैं, उनका बाद में क्या हश्र होता है सबको पता है। उन्होंने कहा कि 2017 में सपा और कांग्रेस, 2019 में सपा, बसपा, कांग्रेस और आरएलडी ने और 2022 में अखिलेश ने भी बड़ा गठबंधन किया, लेकिन चुनाव के बाद क्या हुआ। उन्होंने कहा कि तत्कालिक लोग सत्ता के लालच में स्वार्थवश गठबंधन करते हैं। इनमें वैचारिक समानता नहीं होती है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता का गठबंधन सीधे पीएम मोदी और भाजपा से है, और हमारा सीधे जनता से हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here