Gonda Accident: उत्तर प्रदेश के गोंडा में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार बोलेरो बेकाबू होकर सरयू नहर में गिर गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इनमें ज्यादातर एक ही परिवार के हैं। घटना की खबर पाकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 4 लोगों को गाड़ी का शीशा तोड़कर बचा लिया।
जानकारी के अनुसार सभी लोग सावन पर जल चढ़ाने पृथ्वीनाथ मंदिर जा रहे थे। रविवार सुबह 10 बजे इटियाथोक थाना क्षेत्र में हादसा हो गया। बारिश के चलते सरयू नहर में लबालब पानी था। यहां बोलेरों अनियंत्नरित होकर नहर में गिर गई और गाड़ी के गेट लॉक हो गए। अंदर बैठे लोग छटपटाते रहे। तड़प-तड़पकर उनकी मौत हो गई।बोलेरो नहर में गिरती देख ग्रामीण लोगों को बचाने के लिए पानी में कूद गए। लेकिन, गेट नहीं खोल पाए। बमुश्किल खिड़की का शीशा तोड़कर 4 लोगों को बचाकर बाहर निकाला।

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त कार की स्पीड 60 किमी प्रति घंटे थी। मृतकों में 6 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे हैं। मृतकों में नायक कसौधन, काजल, विनम्र, रचना, सौम्या, शुभ, रामकरन, अमित, अंजू वर्मा, सरजू, दुर्गेश नंदिनी शामिल हैं। हादसे में बची किशोरी ने बताया कि सभी लोग मंदिर जा रहे थे। जिस वक्त हादसा हुआ। हम लोग भजन गा रहे थे। अचानक हमारी गाड़ी फिसल गई और नहर में जा गिरी। इसके बाद क्या हुआ, कुछ भी याद नहीं है। सब कुछ धुंधला सा हो गया।

