न्यूज़लिंक हिंदी। गृह मंत्रालय ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पांच नए जिले बनाने का मुख्य और बड़ा फैसला किया है। इस बात की जानकारी गृह मंत्री अमित शाह ने दी।
गृह मंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा कि नए जिलों के निर्माण से लोगों को मिलने वाले लाभ उनके दरवाजे तक पहुंचेंगे और हर गली-मोहल्ले में शासन व्यवस्था को मजबूत होगी। उन्होंने कहा, एक विकसित और समृद्ध लद्दाख के निर्माण के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के विजन के अनुसरण में गृह मंत्रालय ने केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए जिले बनाने का मुख्य फैसला किया है। इन जिलों के नाम जांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग होंगे।
वहीं, इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “लद्दाख में पांच नए जिलों का निर्माण बेहतर शासन और समृद्धि की दिशा में एक बड़ा कदम है। जांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग पर अब अधिक ध्यान दिया जाएगा, जिससे लोगों को आर ज्यादा सेवाएं और पूर्ण अवसर भी मिलेंगे। वहां के लोगों को बधाई।
गृह मंत्री ने यह घोषणा ऐसे समय में की है, जब जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। बता दें कि लद्दाख 5 अगस्त 2019 तक जम्मू कश्मीर का हिस्सा था, लेकिन अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद केंद्र सरकार ने इसे केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा भी दिया था।
उल्लेखनीय है कि लद्दाख में अभी सिर्फ दो जिले हैं – लेह और कारगिल। दोनों जिलों की अपनी स्वायत्त जिला परिषदें हैं, जो उन पर पूर्ण शासन करती हैं। नए जिलों के बनने के बाद लद्दाख में कुल सात जिले हो जाएंगे।

