न्यूज़लिंक हिंदी। राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चिकित्सा विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष प्लान बनाया है। इसको लेकर उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दे दी है कि चिकित्सा सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो, सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि सभी जिलों के अस्पतालों का निरीक्षण होगा। इसके बाद भी अगर कोई त्रुटि पाई गई तो, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसको लेकर मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि जिला अधिकारी अस्पतालों का निरीक्षण सप्ताह में एक बार निश्चित रूप से करेंगे।
अतिरिक्त जिला अधिकारी, उप संभागीय अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रधान चिकित्सा अधिकारी भी अस्पतालों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर विभाग को प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय टीम प्रदेश में कभी भी औचक निरीक्षण कर सकती है। साथ ही विभाग प्रमुख कार्यों की सूची भी पूर्ण रूप से तैयार करें।
CM भजनलाल ने निर्देशों में कहा कि अस्पतालों में रोगियों के साथ अच्छा व्यवहार होना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ में अधिकारियों को चेतावनी दी है कि कार्यों में अनावश्यक देरी होने पर सख्त कार्रवाई होगी।
प्रदेश के लोगों को निशुल्क दवा और जांच की सुविधा समय पर उपलब्ध करवाना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने और आयुष्मान आरोग्य केंद्र निर्माण कार्य को समयबद्ध पूरा करने के पूर्ण रूप से निर्देश भी दिए गए।

