CM Yogi Adityanath आज कानपुर में जनसभा को करेंगे सम्बोधित, यहां जानें पूरा कार्यक्रम

0
338
सीएम योगी आदित्यनाथ की प्रतीकात्मक फोटो।
प्रतीकात्मक।

न्यूज़लिंक, संवाददाता। निकाय चुनाव के द्वितीय चरण के मतदान के पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर आ रहे हैं। दक्षिण क्षेत्र के उस्मानपुर स्थित कमर्शियल ग्राउंड में आयोजित जनसभा को मुख्यमंत्री योगी संबोधित करेंगे। वह मंच से पांच निकाय क्षेत्रों को साधेंगे। जनसभा को लेकर सोमवार को तैयारियां पूरी कर ली गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11.15 बजे चकेरी एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां से उनका हैलीकाप्टर निराला नगर रेलवे मैदान पर बने हैलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वह कार के माध्यम से जनसभा स्थल पर पहुंचेगे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 45 मिनट तक रुकेंगे और जनता को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद वह 12.35 बजे शहर से बांदा जाने के लिए हैलीकाप्टर से रवाना हो जाएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा में मंच से लेकर उनके आस-पास महज 125 भाजपा के पदाधिकारी ही रहेंगे।


सीएम की जनसभा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करने सोमवार को मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर, डीएम विशाख जी अय्यर, पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड व भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल समेत प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कानपुर के प्रभारी विजय बहादुर पाठक, दक्षिण जिला अध्यक्ष डॉ. वीना आर्या, सुनील बजाज पहुंचे। मंच से लेकर मीडिया तक एवं वहां पर बने कार्यकर्ता और जनमानस के लिए छह ब्लाकों एवं पार्किंग आदि व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को दी गई।

हाईटेक पीटीजेड कैमरे लगाए गए
सोमवार को पूरे दिन पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी कार्यक्रम की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में लगे रहे। इसदौरान एक बैठक कर ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफिंग की गई। पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड और संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने कहा की अपनी-अपनी ड्यूटी ठीक प्रकार से समझ ले और समय से वहां पर पहुंचना सुनिश्चित करें। जनसभा स्थल के आसपास सीसीटीवी व हाईटेक पीटीजेड कैमरे लगाए गए हैं। आसपास की ऊंची इमारतों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस युवा मित्र व एलआईयू की टीम के साथ ही सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मी कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे। पूरे कार्यक्रम के दौरान ड्रोन कैमरों से जनसभा स्थल की सुरक्षा को पुख्ता किया जाएगा।

रुट डायवर्जन
1-सचान चौराहा से कोई भी वाहन रेलवे ग्राउंड (दीप टाकीज तिराहा) तरफ नहीं जायेगा। यह यातायात सचान चौराहा से बाएं मुड़कर शास्त्री चौक होते हुये अपने-अपने गन्तव्य की ओर जा सकेंगे।

2-चावला/नन्द लाल चौराहा आने वाले वाहन दीप तिराहा से कोई भी वाहन पराग डेयरी की ओर नहीं जायेगा। यह यातायात दीप तिराहा से बाएं मुड़कर थाना किदवई नगर होते हुये अपने-अपने गन्तव्य को जा सकेंगे।

यहां रहेगी पार्किंग

1.रामादेवी चौराहा की तरफ से आने वाले भाजपा कार्यकर्ता अपने वाहन को यशोदानगर से दाहिने मुड़कर वृन्दावन लॉन से लेकर पुराना मौरंग मंडी चौराहा तक रोड के दोनों तरफ पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक जा सकेंगे।
2.भौती/बर्रा की तरफ से आने वाले भाजपा कार्यकर्ता अपने वाहन को सचान चौराहा से दाहिनें मुड़कर सचान चौराहा से बीजेपी पार्टी कार्यालय तक रोड के दोनों तरफ पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक जा सकेंगे।
3.कल्यानपुर/रावतपुर/गोविन्द नगर की तरफ से आने वाले भाजपा कार्यकर्ता अपने वाहन को दीप तिराहे से बाये मुड़कर बारादेवी दक्षिणी द्वार से मुड़कर बीएसएनएल ऑफिस से अमन पैराडाइस तक पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक जा सकेंगे।
4.टाटमिल/किदवई नगर की तरफ से आने वाले भाजपा कार्यकर्ता अपने वाहन को बरगदिया तिराहा से लेकर डबल पैट्रोल तक रोड के दोनो तरफ पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक जा सकेंगे।

सीएम योगी का कार्यक्रम

सुबह 11.15 बजे पर चकेरी एयरपोर्ट पर उतरेगा हैलीकॉप्टर
11.30 बजे रेलवे मैदान निरालानगर हैलीपैड पर उतरेगा हैलीकॉप्टर
11.40 बजे जनसभा पहुंचेगे सीएम योगी
11.40 से 12.25 बजे तक जनसभा को करेंगे संबोधित
12.25 बजे सीएम योगी बांदा के लिए निकल जाएंगे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here