न्यूज़लिंक हिंदी। असम के बारपेटा से कांग्रेस सांसद अब्दुल खालिक ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। अब्दुल खालिक ने मल्लिकार्जुन खरगे को खत लिखकर असम कांग्रेस के अध्यक्ष और सचिव के आचरण पर सवाल भी उठाए हैं। दो बार के विधायक और एक बार के सांसद खालिक को इस बार कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं दिया था। पार्टी ने बारपेटा लोकसभा सीट से अपने राज्य सेवा दल प्रमुख दीप बायन को उम्मीदवार बनाया है।
ये भी पढ़े : एक बार फिर हॉस्पिटल पहुंचे Amitabh Bachchan, फैंस की बढ़ी चिंता, बना चर्चा का विषय
खालिक ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजे त्यागपत्र में यह दावा भी किया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा और प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह के रवैये ने प्रदेश में पार्टी की संभावनाओं को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं।’’
हाल ही में कांग्रेस ने खालिक का टिकट काट दिया था। बारपेटा सीट से उनके स्थान पर कांग्रेस ने दीप बायान को उम्मीदवार बनाया है। माना जा रहा है कि परिसीमन के चलते बदले सामाजिक समीकरण के कारण कांग्रेस ने बारपेटा में उम्मीदवार बदला। सूत्रों का कहना है कि खालिक ढुबरी से टिकट चाहते थे, लेकिन पार्टी ने वहां पूर्व मंत्री रकीबुल हुसैन को उम्मीदवार बना दिया।

