न्यूज़लिंक हिंदी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को तेलंगाना के जगतियाल जिले में सड़क किनारे एक भोजनालय में डोसा बनाया। कांग्रेस सांसद ‘विजयभेरी यात्रा’ के तहत करीमनगर से जगतियाल के लिए रवाना हुए थे। वह रास्ते में नुकापल्ली बस स्टैंड पर रुके और एक भोजनालय में गए, जहां उन्होंने डोसा बना रहे एक व्यक्ति से बातचीत की जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ये वीडियो..
राहुल गांधी ने डोसा बनाने के बारे में पूछा और फिर डोसा बनाया। राहुल को डोसा बनाते देख स्थानीय लोग हैरान रह गए। सांसद ने डोसा बनाने वाले से उसकी आय और आने वाली समस्याओं के बारे में भी पूछा, राहुल ने डोसा बनाने के बाद सड़क किनारे बैठकर उसे लोगों के साथ खाया भी। राहुल ने अपने हाथ से लोगों को खुद बनाए गए डोसे का स्वाद भी चखाया। इस दौरान लोग काफी खुश दिखे। राहुल का ये अंदाज कई बार देखा जा चुका है। पहले भी राहुल को कुलियों के साथ देखा गया था तो वहीं अब एक बार उनको डोसा बनाते देखा जा रहा है। लोगों को राहुल का ये अंदाज काफी पसंद भी आता है।
#WATCH | Telangana | Congress MP Rahul Gandhi made dosas at a tiffin cart, as he briefly halted at the NAC bus stop while going to Jagtial as part of the Congress Vijayabheri Yatra.
(Video: Telangana Congress) pic.twitter.com/FIXGfvxfkh
— ANI (@ANI) October 20, 2023
राहुल गांधी तीसरे दिन भी तेलंगाना में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। करीमनगर में रात्रि विश्राम के बाद वह शुक्रवार सुबह जगतियाल के लिए रवाना हुए। दिल्ली लौटने से पहले वह बस यात्रा के हिस्से के रूप में आर्मूर जिले का भी दौरा करेंगे। यहां वह लगातार जनसम्पर्क कर रहे हैं। बीते गुरुवार को उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी भारत राष्ट्र समिति और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव पर तीखा हमला बोला है। गांधी ने सूबे में कांग्रेस की सरकार बनने पर जातिगत सर्वे करवाने का वादा भी किया है। इसके अलावा उन्होंने केसीआर पर अपने और अपने परिवार को समृद्ध करने का आरोप भी मढ़ा है। इस पर KCR के बेटे केटी रामा राव (KTR) और ने भी पलटवार कर राहुल गांधी पर बीजेपी के नेतृत्व वाली NDA से साठगांठ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में राहुल गांधी एनडीए से सवाल पूछने से कतरा रहे हैं।

