कानपुर के चौबेपुर में ट्रेन को पलटाने की साजिश, ट्रैक पर रख दी डेढ़ फीट ऊंची लकड़ी की बेंच

Farrukhabad railway route Train Incident: फर्रुखाबाद रेल मार्ग पर देदूपुर गांव के पास घटना से मचा हड़कंप

0
237
घटनास्थल पर पहुंचकर मौके पर जांच करते पुलिस अधिकारी।

Farrukhabad railway route Train Incident: कानपुर में एक बार फिर से ट्रेन को पलटाने की साजिश हुई है। कासगंज रेल मार्ग पर चौबेपुर थाना क्षेत्र के देदूपुर गांव के पास यह घटना हुई। सोमवार देर रात ट्रैक पर लकड़ी की बेंच रखकर ट्रेन को पलटाने की साजिश की गई। तेज रफ्तार में ट्रेन का इंजन बेंच के टकरा गया जिससे लकड़ी के बेंच के परखचे उड़ गए। हालांकि, चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। वहीं, रेलवे अधिकारियों ने घटना की जांच के आदेश दिये हैं साथ ही शरारती तत्वों के खिलाफ थाना चौबेपुर में एफआईआर दर्ज कराई है।

सोमवार को देर रात रेलगाड़ी संख्या 54158 फर्रुखाबाद पैसेंजर कानपुर की ओर आ रही थी। रात करीब 11:50 बजे बर्राजपुर एवं चौबपुर रेलवे स्टेशन के मध्य क्षेत्र के देदूपुर गांव स्थित अंडरपास के पास ट्रैक पर किसी ने लकड़ी की बेंच रख दी थी। तेज रफ्तार ट्रेन बेंच से टकराई तो चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई। चालक ने घटना की जानकारी चौबेपुर स्टेशन मास्टर के साथ ही अन्य आला अधिकारियों को दी तो हड़कंप मच गया।

रेल पथ के अवर अभियंता द्वारा पेट्रोलिंग कर रहे स्टाफ कमलेश कुमार को मौके पर भेजा गया। इस दौरान जानकारी हुई कि ओएचई पोल संख्या 28 के पास रेल लाइन के दक्षिण दिशा में ट्रैक से करीब दो फिट दूर लकड़ी की बेंच क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी मिली है। घटना के चलते ट्रेन लगभग 6 मिनट घटनास्थल पर रुकी रही। मंगलवार को कन्नौज से आरपीएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया।

आरपीएफ निरीक्षक कन्नौज आरपी मीणा व उप निरीक्षक सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रैक पर रखी गई बेंच निकट ही स्थित एक ठेलिया दुकानदार की बताई गई है, जिससे पूछताछ की जा रही है। चौबेपुर कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक दिनेश यादव ने बताया कि घटना में किसी नशेबाज अथवा शरारती तत्व का हाथ होने की आशंका है। चौबेपुर थाना में रेल पथ के अवर अभियंता कमलेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शरारती तत्व द्वारा रेल ट्रैक पर साढ़े तीन फिट लंबी, डेढ़ फिट चौड़ी व डेढ़ फीट ऊंची लकड़ी की बेंच रखे जाने से ट्रेन डिरेल हो सकती थी। चौबेपुर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here