न्यूज़लिंक हिंदी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) भारत में अपने टूर्नामेंट आयोजित कराने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के संपर्क में है। बता दे कि इससे पहले एसीबी अपने टूर्नामेंट भारत में लखनऊ, ग्रेटर नोएडा और देहरादून में आयोजित कर चुका है।
हालांकि पिछले साल से उसने अपनी मेजबानी वाले अंतरराष्ट्रीय मैच संयुक्त अरब अमीरात में खेले हैं। 2021 के अगस्त में अफगानिस्तान में तालिबान का प्रभुत्व हो गया था और इसके बाद से एसीबी ने अपना रुख बदला था। पिछले साल नवंबर में एसीबी ने यूएई में अगले पांच साल तक अपनी घरेलू सीरीज कराने का करार किया था, लेकिन अब उसका मन फिर बदला हुआ नजर आ रहा है।
एसीबी के सूत्रों के अनुसार अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को अगले साल टी-20 विश्व कप के बाद जुलाई में बांग्लादेश के विरुद्ध टेस्ट और सीमित ओवरों के क्रिकेट की सीरीज खेलनी है। मालूम हो कि अफगानिस्तान के राजनीतिक और भौगोलिक हालात के कारण कोई अन्य टीम वहां पर मैच खेलने नहीं जाती।
ये भी पढ़ें : Uttar Pradesh: कोहरे ने ढाया सितम, ट्रेनें 12 घंटे तक रहीं लेट, उड़ानें निरस्त
दूसरे देशों में सीरीज आयोजित करता है अफगानिस्तान
सुरक्षा कारणों से अफगानिस्तान अपनी घरेलू सीरीज दूसरे देशों में आयोजित करता आया है। आईसीसी से मान्यता मिलने के बाद उसने कई वर्षों तक भारत को अपना बेस बनाया था। उसकी अंतरराष्ट्रीय टीम यहां अभ्यास करती थी और यहीं पर अपने अंतरराष्ट्रीय मैच भी आयोजित करती थी।
बीसीसीआई ने की मदद
बीसीसीआई ने भी अपने पड़ोसी देश के क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए काफी मदद की थी। हालांकि इसके बाद एसीबी ने दूसरे देशों की ओर रुख कर दिया था। एसीबी सूत्र ने कहा कि हमारे क्रिकेट संघ ने भारत सरकार के जरिये बातचीत को आगे बढ़ाया है और यह उच्च स्तरीय बातचीत आखिरी स्तर पर है। जल्द ही इस पर घोषणा हो सकती है।
बता दे कि एसीबी अपने मैच लखनऊ में कराना चाहता है क्योंकि वहां का अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम काफी अच्छा है और वहां मैच आयोजित कराने में लागत भी कम आती है। हालांकि आयोजन स्थल फाइनल करने से पहले जुलाई में वर्षा को भी ध्यान में रखा जाएगा क्योंकि उस समय भारत में कई स्थानों पर बारिश का मौसम रहता है।
ये भी पढ़ें : World: फिलिस्तीनियों ने अमेरिका के एयरपोर्ट पर किया प्रदर्शन, राहगीरों पर भी किया हमला
अधिकारी ने बयान देने से किया इंकार
जब इस बारे में बीसीसीआई के पदाधिकारी से बात की तो उन्होंने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। हालांकि अफगानी टीम दक्षिण अफ्रीका में चल रही टेस्ट सीरीज के बाद भारत के विरुद्ध उसी की धरती में तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। इसकी मेजबानी भारत करेगा।

