न्यूज़लिंक हिंदी, दिल्ली। खालिस्तानी आतंकी गुरुपतवंत सिंह पन्नू ने भारत पर हमले का धमकीभरा एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में पन्नूं ने कहा कि भारतीय एजेंसियों ने उसकी हत्या की साजिश रची थी, जो नाकाम हुई, अब वह इसके जवाब में 13 दिसंबर को संसद भवन पर हमला करेगा। इस धमकी के बाद से ही दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और बढ़ा दिया गया है। दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा
संसद और उसके आसपास सुरक्षा पहले ही बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा, ”किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अधिकारी ने कहा, “जब संसद चल रही होती है तो हम सतर्क रहते हैं। हम किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी एहतियाती कदम उठा रहे हैं।” उन्होंने बताया कि पूरी दिल्ली में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
पन्नूं ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें संसद भवन पर हमले के दोषी अफजल गुरु के साथ वाला एक पोस्टर भी जारी किया है। इस पोस्टर पर लिखा है- ‘दिल्ली बनेगा पाकिस्तान’। आपको बता दें, अफजल गुरु को साल 2013 में फांसी दी गई थी। वहीं, SFJ आतंकियों की ऐसी किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए भारतीय सुरक्षा एजेंसियां ने कमर कस ली है। वह सुरक्षा बढ़ाने में जुट गई है। साथ ही इस वीडियो का सच भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।
इससे पहले भी खालिस्तानी आतंकी पन्नू गीदड़ भभकी दे चुका है। उसने सिख लोगों से 19 नवंबर को एयर इंडिया की फ्लाइट से यात्रा न करने के लिए कहा था। उसने कहा था कि अगर एयर इंडिया से यात्रा करेंगे तो आपकी जान खतरे में पड़ जाएगी। पन्नूं ने आगे दावा किया था कि दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट 19 नवंबर को बंद रहेगा और इसका नाम बदल दिया जाएगा।

