न्यूज़लिंक हिंदी। आज राऊज एवेन्यू कोर्ट में वक्फ बोर्ड में भर्ती में गड़बड़ियों के मामले में आप विधायक अमानतुल्लाह खान समेत 11 आरोपियों के खिलाफ सीबीआई की ओर से दर्ज मामले में सुनवाई की जाएगी।
कोर्ट यह सुनवाई आरोप तय करने को लेकर करेगा, मामले में स्पेशल जज कावेरी बावेजा सुनवाई करेंगी। इसके अलावा शुक्रवार को ही अमानतुल्लाह खान को ईडी के मामले में भी कोर्ट में पेश किया जाएगा, क्योंकि आज उनकी ईडी की हिरासत खत्म हो रही है। अमानतुल्लाह खान को ईडी ने 2 सितंबर को गिरफ्तार किया था।
वहीं सीबीआई के मामले में कोर्ट ने 1 मार्च, 2023 को सभी आरोपियों को जमानत दी थी। कोर्ट ने अमानतुल्लाह खान के अलावा जिन आरोपियों को जमानत दी थी, उनमें दिल्ली वक्फ बोर्ड के तत्कालीन सीईओ महबूब आलम, हामिद अख्तर, किफायतुल्लाह खान, रफीऊशान खान, इमरान अली, मोहम्मद अबरार, आकिब जावेद, अजहर खान, जाकिर खान और अब्दुल मन्नर भी शामिल हैं।
दरअसल 3 नवंबर, 2022 को कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ सीबीआई की ओर से दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान भी लिया था, कोर्ट ने इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड और भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा के तहत आरोप तय करने का आदेश भी दिया था। इस मामले में 23 नवंबर, 2016 को एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के बाद सीबीआई ने 21 अगस्त, 2022 को चार्जशीट भी दाखिल किया था।
मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली वक्फ बोर्ड के सीईओ और संविदा पर दूसरी नियुक्तियों में गड़बड़ियां भी की गई, चार्जशीट में कहा गया है कि इन नियुक्तियों के लिए अमानतुल्लाह खान ने महबूब आलम और दूसरे आरोपियों के साथ साजिश रची जिन्हें वक्फ बोर्ड में विभिन्न पदों पर नियुक्त किया गया था। इतना ही नहीं, इन नियुक्तियों में मनमानी की गई और अमानतुल्लाह खान और महबूब आलम ने अपने पद का मुख्य रूप से दुरुपयोग किया।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला 13 करोड़ 40 लाख रुपए की जमीन की बिक्री से जुड़ा हुआ है, जिसमें आप विधायक अमानतुल्लाह खान के अज्ञात स्रोतों से अर्जित संपत्ति से जमीनें खरीदी और बेची भी गई। आरोपी कौसर इमाम सिद्दीकी की डायरी में 8 करोड़ रुपए की एंट्री भी की गई। जावेद इमाम को ये संपत्ति सेल डीड के जरिए ही मिली। इस मामले में ईडी ने समन को नजरअंदाज करने के मामले में अमानतुल्लाह खान के खिलाफ शिकायत भी दर्ज की है।

