न्यूज़लिंक हिंदी। दारुल उलूम में महिलाओं के प्रवेश पूर्णतया वर्जित कर दिया गया है। संस्था के इस फैसले से सभी बहुत ही ज्यादा हैरत में हैं, लेकिन प्रबंधन का कहना है कि महिलाएं और युवतियां यहां पर आकर रील बनाती थीं, जिससे छात्रों की पढ़ाई मुख्य रूप से प्रभावित हो रही थी।
सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर देशभर से इसकी शिकायत भी आ रही थी। तब यह फैसला लिया गया। मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने बताया कि दारुल उलूम में ख्वातीन के प्रवेश पर पाबंदी लगाई है। बहुत ज्यादा तादाद में महिलाएं यहां आकर वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर रही थीं। जिसकी वजह से पूरे मुल्क में छवि बहुत ही ज्यादा खराब हो रही थी।
दारुल उलूम एक तालीमगाह है और किसी भी तालीमगाह में इस तरह के कृत्य बेहतर नहीं हैं। इतना ही नहीं दारुल उलूम में शिक्षा का नवीन सत्र आरंभ हुआ है। अधिक भीड़ होने के कारण छात्रों की पढ़ाई भी बहुत ही प्रभावित हो रही थी। छात्रों की तरफ से भी कई बार इसकी शिकायत की गई है।
मोहतमिम ने कहा कि परिसर में प्रतिबंध पर कुछ महिलाओं ने विरोध भी किया, लेकिन समझाने पर वह मान गईं। सभी बातों को ध्यान में रखकर पाबंदी लगाने का यह मुख्य फैसला लिया गया है। इसके तहत संस्था के अंदर निर्माणाधीन लाइब्रेरी और एशिया की प्रसिद्ध मस्जिद रशीदिया में भी महिलाएं बिलकुल नहीं जा सकेंगी।
दारुल उलूम की लाइब्रेरी और अन्य इमारत की सुंदरता को देखने के लिए अक्सर महिलाएं वहां पर चली जाती थीं। इसके अलावा यदि किसी के परिवार का सदस्य वहां तालीम ले रहा है तो भी महिलाएं वहां चली जाती थीं। अब सभी पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

