न्यूज़लिंक हिंदी। मकर संक्रांति पर सोमवार को काशी में भोर से गंगा घाट पर स्नान करने वाले और बाबा के दरबार में दर्शन पूजन करने वालों की उमड़ कर भीड़ लगी रही। इससे पूरा गोदौलिया क्षेत्र श्रद्धालुओं से पटा रहा। मंदिर तक लंबी कतार लगी रही।
इससे पूरा मंदिर क्षेत्र बाबा के जयकारे से गुंजायमान गता रहा। त्योहार पर भक्तों की भीड़ को देखते हुए घाट से लेकर मंदिर तक व्यवस्था पूर्ण रूप से की गई है। भोर से गंगा तटों पर श्रद्धालु पहुंच गए स्नान कर सूर्य को प्रणाम किया।
मकर संक्रांति पर सोमवार को काशी में आस्थावानों की भोर से ही जुटान शुरू हुई। सूर्यदेव ने सुबह 9:13 बजे धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश किया। भद्राकाल सुबह 9:30 बजे तक रहा। इसलिए गंगा व सरोवरों आदि में स्नान व दान पुण्य का शुभ मुहूर्त 17 मिनट बाद यानी 9:31 बजे से ही शुरू हुआ। वहीं, कुछ लोगों ने रविवार को ही गंगा स्नान-दानकर मकर संक्रांति मनाया।
मकर संक्रांति के लिए तिलकुट, लाई, चूड़ा की खरीदारी रात तक हुई। बाजार में आए तिल से बने पट्टी, लड्डू, पैकेट बंद गजक आदि की खूब मांग रही। वहीं, बदाम व लइया की पट्टी के अलावा चूड़ा, बतासा, गट्टा व गुड़ की भी दुकानों की खूब बिक्री हुई। दुकानदार चेतगंज के बबलू, लहरतारा के अजय ने बताया कि तिलवा-लइया के दाम में 10 प्रतिशत की तेजी आई है। चेतगंज, लहुराबीर, लंका, सिगरा, विश्वेश्वरगंज, पांडेयपुर, पहड़िया, शिवपुर आदि इलाकों में लगी दुकानों पर भीड़ रही।

