न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में बनभूलपुरा हिंसा के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। प्रशासन ने मास्टर माइंड अब्दुल मलिक के घर पर कुर्की की कार्रवाई की है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने अब्दुल के घर खटिया चारपायी से लेकर खिड़की दरवाजे तक उखाड़ लिए हैं। इसी क्रम में एडीजी प्रशासन ने बनभूलपुरा क्षेत्र का जायजा लिया और मलिक के बगीचा में अतिक्रमण हटाए गए स्थल पर स्थापित चौकी का भी निरीक्षण किया। बीते दिनों हुई हिंसा के सिलसिले में शनिवार को 14 और लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ये जानकारी दी। इसी के साथ आठ फरवरी को हुई इस घटना के मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 58 हो गई है।
ये भी पढ़े : Bihar News: ट्रिपल मर्डर से दहला बेगूसराय, महिला, उसके पिता और भाई की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
हल्द्वानी बनभूलपुरा में अवैध रूप से बने एक मदरसे को ढहाने के बाद आठ फरवरी को इलाके में हिंसा भड़क गई थी। लोगों ने नगर निगम के कर्मियों और पुलिस पर पथराव किया था और पेट्रोल बम फेंके थे जिसके कारण कई पुलिसकर्मियों को एक थाने में शरण लेनी पड़ी थी जिसे भीड़ ने बाद में आग के हवाले कर दिया था। पुलिस ने कहा कि इस हिंसा में छह लोगों की मौत हो गई थी और पुलिस और पत्रकार सहित 100 से ज्याद लोग घायल हो गए थे।
ये भी पढ़े : किसानों की सरकार के साथ चौथे दौर की बातचीत आज, शंभू बॉर्डर पर किसानों के विरोध प्रर्दशन का छठा दिन
पुलिस ने बताया कि बीते शनिवार को गिरफ्तार किए गए शकील अंसारी, मौकीन सैफी और जिया उल रहमान हैं। ये तीनों उन 9 नामजद आरोपितों में शामिल हैं जिनके पोस्टर शुक्रवार को शहर में लगाए गए थे। उसने बताया कि हिंसा का कथित मुख्य मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक और उसका बेटा अब्दुल मोईद अब भी फरार हैं। उन्होंने बताया कि शहर में उनकी संपत्ति कुर्क की जा रही है। मलिक और मोईद के खिलाफ गैर जमानती वारंट एवं ‘लुक आउट’ नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने नौ ‘वांछित दंगाइयों’ के पोस्टर शुक्रवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगाये थे और लोगों से अनुरोध किया था कि इनके बारे में कुछ भी पता चलने पर वे पुलिस को सूचित करें।

