न्यूजलिंक हिंदी। नगर आयुक्त सुधीर कुमार के दफ्तर में मंगलवार शाम को हंगामा करने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं के खिलाफ नगर निगम ने मुकदमा दर्ज करा दिया है। सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से अशोभनीय व्यवहार करने व गाली-गलौज करने के ममाले में नगर निगम ने एबीवीपी के संगठन मंत्री समेत 13 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। एफआईआर में एबीवीपी के संगठन मंत्री अशुतोष, प्रांजल, निशांत, गुंजन, दिग्विजय, वैभव शुक्ला, माधव राजपूत, कौशिक दुबे, राघवेंद्र दीक्षित, आशीष सिंह, शोभित भदौरिया, पियूष पांडेय, हरीश चौहान के नाम दर्ज हैं।
नगर निगम के जोनल ऑफिसों में कामकाज ठप
नगर आयुक्त के सामने हंगामा करने के खिलाफ नगर निगम मुख्यालय समेत सभी जोनल कार्यालयों में कामकाज ठप कर दिया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही यूनियन के नेताओं ने मुख्यालय आकर विरोध प्रदर्शन किया, और हंगामा करने वाले कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग की। यूनियन नेता रमाकांत मिश्र, हरिओम बाल्मिकी, मुन्ना हजारिया, विनोद कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मुख्यालय में प्रदर्शन किया। नेताओं ने कहा कि यदि हंगामा करने वाले लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरे शहर में सफाई कार्य भी बंद दिया जायेगा।