न्यूज़लिंक हिंदी। जीवाजी यूनिवर्सिटी के न्यूरोसाइंस भवन में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली के कुछ ही मिनटों में भीषण आग ने प्रथम और द्वितीय तल को चपेट में ले लिया।
जिसके बाद तत्काल न्यूरोसाइंस भवन परिसर को खाली कराया गया। वहीं, आगजनी की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम मोके पर पहुंची और आग को बुझाया गया। आगजनी के समय यूनिवर्सिटी में छात्रों की वायवा परीक्षा चल रही थी, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानी नहीं हुई है।
जीवाजी विश्वविद्यालय में मंगलवार को एमएससी के छात्रों का न्यूरोसाइंस भवन में वायवा चल रहा था। इसी बीच अचानक धमाके के साथ बिल्डिंग में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने दो मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके बाद परिसर में अचानक हर तरफ धुआं और आग देखकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्लर्क निरंजन माहौर ने बताया कि परीक्षा की वजह से बहुत सारे छात्र अंदर ही मौजूद थे और जब आग लगी तो नीचे उतरने का रास्ता ही नहीं मिला। ऐसे में उन्होंने खिड़की में लगे कांच को तोड़कर छात्रों को किसी तरह बाहर निकाला। खिड़की तोड़ने के दौरान क्लर्क निरंजन माहौर के हाथ में गंभीर चोटें भी आई हैं।
डिप्टी कमिश्नर अतिबल सिंह यादव ने बताया कि न्यूरोसाइंस भवन में लगे दो एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में अचानक ब्लास्ट हो गए और आग लगी। कमिश्नर ने बताया कि उन्हें फोन पर आग लगने की सूचना मिली तो वे उस समय विश्वविद्यालय के पास में ही थे जिससे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई। हालांकि अब आग पर काबू पा लिया गया है।

