न्यूज़लिंक हिंदी। 22 जनवरी को भव्य राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति पूर्ण रूप से विराजित होगी, इसको लेकर पूर्व सीएम शिवराज ने बैतूल में कहा कि वह इस दिन ओरछा में ही रहेंगे। क्योंकि भगवान श्री राम दिन के समय ओरछा में विराजते हैं और रात को अयोध्या जाते हैं, इसलिए वह ओरछा जरूर जाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार रात बैतूल के सर्किट हाउस पहुंचे, इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ”22 तारीख को वे ओरछा में रहेंगे और वहीं से रामलाला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने यह भी कहा कि मान्यता है कि भगवान श्री राम दिन के समय ओरछा में विराजते हैं और रात को अयोध्या जाते हैं। इसलिए हम दिन में ओरछा में रहेंगे और पूर्ण रूप से प्रार्थना भी करेंगे।
लोकसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा सहित सभी 29 सीटें भाजपा ही जीतेगी। नकुलनाथ के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने पूर्ण जानकारी नहीं होने की बात कही। पूर्व मुख्यमंत्री सर्किट हाऊस में कुछ समय बिताने के बाद भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं।

