न्यूज़लिंक हिंदी। गुरु नानक देव जी का 554वां प्रकाश पर्व आज पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। पंजाब के अमृतसर में गोल्डन टेंपल और पाकिस्तान में ननकाना साहिब को फूलों व सुंदर लाइटों के साथ सजाया गया है। आज पूरा दिन यहां 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंच माथा टेकने का अनुमान है। आज के दिन की शुरुआत पालकी साहिब से हुई।
शिरोमणि कमेटी के सचिव प्रताप सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में प्रकाश पर्व मनाने गया जत्था पाकिस्तान में अन्य ऐतिहासिक गुरु-स्थानों का भी दौरा करेगा। तीन दिसंबर को जत्था लाहौर के गुरुद्वारा श्री डेहरा साहिब में रुकेगा, जहां से चार दिसंबर को जत्था भारत लौट आएगा।
गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को मनाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना किया गया। इस जत्थे का नेतृत्व कमेटी के वरिष्ठ सदस्य खुशविंदर सिंह भाटिया कर रहे हैं। जत्थे के साथ उप नेता शिरोमणि कमेटी सदस्य रणजीत सिंह, सह सचिव गुरचरण सिंह कोहाला एवं प्रभारी मलकीत सिंह बहड़वाल गए हुए हैं।
शिरोमणि कमेटी के सचिव प्रताप सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में प्रकाश पर्व मनाने गया जत्था पाकिस्तान में अन्य ऐतिहासिक गुरु-स्थानों का भी दौरा करेगा। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को तीर्थ यात्रियों का जत्था गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब से गुरुद्वारा श्री सच्चा सौदा, मंडी चूहड़काना (शेखूपुरा) में माथा टेकेगा। 27 नवंबर को जत्था गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में प्रकाश गुरुपर्व समारोह में भाग लेगा।
इसी तरह 29 नवंबर को तीर्थ यात्री गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब आसन अब्दाल जाएंगे और 30 नवंबर को जत्था गुरुद्वारा श्री डेहरा साहिब लाहौर पहुंचेगा।
2 दिसंबर को संगत गुरुद्वारा श्री डेहरा साहिब लाहौर, गुरुद्वारा श्री रोड़ी साहिब अमानाबाद और गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करेगा और शाम को श्री डेहरा साहिब लाहौर लौट आएगा। 3 दिसंबर को जत्था लाहौर के गुरुद्वारा श्री डेहरा साहिब में रुकेगा, जहां से 4 दिसंबर को जत्था भारत लौट आएगा।

