न्यूज़लिंक हिंदी। गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल इलाके में किराये के मकान में रहने वाली महिला से सूदखोरी का मामला सामने आया है।जिसमे सूदखोर ने पचास हजार रुपये कर्ज देकर 10 लाख रुपये वसूल लिए, फिर भी महिला कर्जदार बनी हुई है।
आरोप है कि महिला ने जब आगे रुपये देने से इनकार कर दिया तब सूदखोर पूरे परिवार समेत उसके घर पहुंच गए। महिला के साथ मारपीट और छेड़खानी की। घर से कीमती सामान भी उठा ले गए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस आरोपी तीन महिलाओं समेत छह लोगों पर सूदखोरी, मारपीट, डकैती व छेड़खानी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच में पूर्ण रूप से जुटी है।
जानकारी के अनुसार गगहा इलाके के एक गांव के रहने वाले किसान अपने परिवार के साथ रामगढ़ताल इलाके में चिड़ियाघर के पास किराये का कमरा लेकर रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि वे पूर्ण रूप से किसान हैं। कुछ दिनों पहले उन्हें कुछ पैसों की जरूरत थी। उन्होंने इसके लिए अपने पड़ोसी रामप्रसाद से मदद मांगी।
रामप्रसाद ने कहा कि उसके पास तो रुपये नहीं हैं, लेकिन वह किसी से ब्याज पर रुपये दिला सकते हैं।आरोप है कि सूदखोरों ने पीड़ित की पत्नी से कुछ सादे कागजात पर चालाकी से दस्तखत कराए और उन्हें 50 हजार रुपये कर्ज दे दिए। इसके बाद पीड़ित दंपती ने धीरे-धीरे कर्ज और ब्याज दोनों ही लौटा दिया।
आरोप है कि इस बीच सूदखोर उनका ब्याज बढ़ाते चले गए और सादे कागज पर किए गए दस्तखत से ब्लैकमेल कर महिला का शारीरिक शोषण भी करते रहे।एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस को दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पूर्ण रूप से की जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।

