न्यूज़लिंक हिंदी। ठंड में जरूरतमंदों में कंबल को वितरित करने के लिए नगर निगम की कूड़ा-सिल्ट ढोने वाली गाड़ी से पहुंचाया जा रहा है। वितरण के लिए कंबल को ले जाते जिसने भी देखा, उन्होंने नगर निगम की व्यवस्था पर कढ़ा सवाल उठाया।
चिकित्सकों का कहना है कि गंदगी में रखे कंबल से उसका इस्तेमाल करने वालों को एलर्जी और पेट संबंधित बीमारी भी हो सकती है। नगर निगम के कर्मचारियों ने कंबल को कूड़ा-सिल्ट ढोने वाली गाड़ी में रखा। पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि ये कंबल वार्ड नंबर 72 में जरूरतमंदों को बांटने के लिए ले जा रहे हैं।
नगर निगम में सिल्ट ढोने वाली गाड़ी में जब ये कंबल रखे जा रहे थे तो उस वक्त अफसर अपने कार्यालय में ही मौजूद थे। नगर निगम की तरफ से 50 हजार कंबल बांटने के लिए मंगवाए गए हैं। इन्हें वार्डों तक पहुंचाने का जिम्मा सुपरवाइजर और बांटने का जिम्मा स्थानीय पार्षद का होता है। कई वार्डों में ये कंबल भेजे गए थे। ऐसे में एक ही दिन में मनमाने तरीके से गरीबों तक भेजे जाने वाले कंबलों को पूर्ण रूप से भेज दिया गया।
मेयर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की मंशा के तहत गरीब, बेसहारा लोगों में कंबल वितरित करवाया जा रहा है। अगर कूड़ा-सिल्ट ढोने वाली गाड़ी से कंबल ले जाया जा रहा है तो यह बिल्कुल गलत है। संबंधित जिम्मेदारों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की संस्तुति भी की जाएगी।

