न्यूज़लिंक हिंदी। कनाडा सरकार ने गुरुवार को दिवाली के आगमन पर नया डाक टिकट जारी करा है। कनाडा में बड़ी मात्रा पर हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख समुदाय के लोग दिवाली मनाते हैं और बीते कुछ सालों से कनाडा सरकार दिवाली के अवसर पर डाक टिकट जारी कर रही है। यह डाक टिकट कनाडा के डाक विभाग ने जारी किया है।
कनाडा में दिवाली के अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। कनाडा की संसद में बीते हफ्ते से ही विभिन्न कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को भी पार्लियामेंट हिल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कनाडा के विपक्षी नेता पिएरे पोलिवरे और कनाडा में भारत के राजदूत संजय कुमार वर्मा आदि शामिल हुए। इस कार्यक्रम का सह-आयोजन कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद टॉड डोहार्टी ने किया था। पार्लियामेंट हिल में नेशनल दिवाली सेलिब्रेशन को इस बार 23वां साल है और साल 2000 से यह आयोजन हो रहा है।
कनाडा के डाक विभाग ने टिकट जारी करते हुए कहा..
यह डाक टिकट तोरण से प्रेरित है, जिसे दिवाली के दौरान घरों और मंदिरों के द्वार पर लगाया जाता है। इस डाक टिकट में पीले और संतरी रंगों का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही गैंदे के फूलों और आम के हरे पत्तों को भी दर्शाया गया है। साथ ही दीये भी कनाडा के डाक टिकट पर दर्शाए गए हैं। यह डाक टिकट एक विशेष बुकलेट में जारी किया गया है, जिसकी कीमत 5.52 कनाडाई डॉलर या करीब 340 रुपये रखी गई है।

यह लगातार पांचवा साल है, जब कनाडा के डाक विभाग ने दिवाली के अवसर पर विशेष डाक टिकट जारी किया है। बीते रविवार को कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भी दिवाली कार्यक्रम में शामिल हुए। पार्लियामेंट हिल में आयोजित हुए इस कार्यक्रम का आयोजन कैबिनेट मंत्री अनिता आनंद ने किया।

