न्यूज़लिंक हिंदी। देश भर में डेंगू के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय पूरे देश में डेंगू की स्थिति को लेकर बहुत ही तेजी से अलर्ट जारी किया है।
अभी दक्षिण के राज्यों में ज्यादा मामले आ रहे हैं और आने वाले महीनों में दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में डेंगू के केस बढ़ने की आशंका है। इसी को देखते हुए मंत्रालय ने उन राज्यों के नगर निगमों और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें भी की हैं। इस वर्ष डेंगू के मामलों में अभी तक लगभग 30 फीसदी से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला है और 18 अगस्त तक देश भर में डेंगू के लगभग 76033 केस आए हैं और 82 मौतें भी हुई हैं।
2024 में अभी तक सबसे ज्यादा 54 मौत केरल में हुई हैं। कर्नाटक में डेंगू के केस सबसे ज्यादा हैं और वहां इस बीमारी से 10 मौतें भी हुई हैं। महाराष्ट्र में 12 मौतें हुई हैं। इस वर्ष जुलाई तक जहां लगभग 59766 केस थे, वहीं 18 दिनों में 16267 केस आ चुके हैं। पिछले कुछ वर्षों से शहरी क्षेत्र डेंगू के कुल मामलों में लगभग 55-58 प्रतिशत का योगदान दे रहे हैं लेकिन 2023 में यह बढ़कर लगभग 68 प्रतिशत हो गया था।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा का कहना है कि इस वर्ष अभी तक डेंगू के ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। दक्षिण के राज्यों के बाद अब महाराष्ट्र में भी केस बढ़ गए है। उनका कहना है कि सितंबर- अक्टूबर में केस बढ़ने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय पूरी तरह से अब अलर्ट पर है। राज्यों के नगर निगम के साथ भी हुई थी और उनसे फीडबैक लिया जा रहा है कि वहां पर डेंगू से बचाव को लेकर क्या तैयारी की जा रही है, डेंगू के इलाज को लेकर अस्पतालों में अब तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
स्वास्थ्य सचिव का कहना है कि मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि जिस एरिया में डेंगू से पीड़ित हैं, वहां पर विशेष तौर पर बीमारी को कंट्रोल करने के उपाय बड़े स्तर पर होने चाहिए। दवा का छिड़काव भी बेहद जरूरी हैं और उस एरिया पर ज्यादा फोकस हो। इसके साथ- साथ टेस्टिंग पर फोकस करना जरूरी है क्योंकि अगर किसी को डेंगू के लक्षण होते हैं तो टेस्टिंग में बिल्कुल भी देरी नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को ये भी सलाह दी है कि डेंगू की रोकथाम को लेकर एडवाइजरी का पूर्ण पालन करें। घर में भी डेंगू का बिल्कुल भी मच्छर पैदा नहीं होने दे और घरों में पानी जमा न होने दें। डेंगू एक तेजी से उभरता हुआ ज्यादा संक्रामक और मच्छर जनित वायरल बुखार भी है।

