न्यूज़लिंक हिंदी। आईपीएल 2024 के अभी शुरू होने में तीन महीने से भी ज्यादा का समय बचा है। उससे पहले ही यह लीग खबरों में काफी बनी हुई है। दरअसल, अचानक से गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस में जाने की खबरें सामने आई हैं। गुजरात की टीम पिछले दो सीजन से आईपीएल खेल रही है और पिछले दोनों सीजन में टीम हार्दिक की कप्तानी में फाइनल में पहुंची है।

2022 में तो गुजरात की टीम चैंपियन बनी थी। अब खबरें आ रही हैं कि हार्दिक गुजरात छोड़ने को तैयार हैं और मुंबई उन्हें ट्रेड विंडो से अपनी टीम में शामिल करना चाहती है। गुजरात भी हार्दिक को रिलीज करने के लिए तैयार है। हालांकि, मुंबई के पास फिलहाल फंड की कमी है। 26 को ट्रांसफर विंडो बंद हो जाएगी। मुंबई को उससे पहले ही रकम चुकानी होगी। डील लगभग तय है।
ये भी पढ़े: विश्व हिंदू सम्मेलन के उद्घाटन के बीच थाई पीएम बोले- हिंदू धर्म के मूल्यों से ही मिल सकती है शांति
BCCI के एक सूत्र ने TOI से बातचीत करते हुए बताया है, पिछला आईपीएल खत्म होने के बाद से ही हार्दिक मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के संपर्क में थे। वर्ल्ड कप 2023 के शुरू होने के दो महीने पहले तक दोनों के बीच अगले आईपीएल से पहले ही ट्रांसफर पर बात पक्की हो गई थी। अब दोनों फ्रेंचाइजी को इस डील को फाइनल करने के लिए बाकी प्रक्रियाएं पूरी करने की ही देरी बची है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही ऐलान किया जाएगा।
IPL में लाजवाब कप्तान साबित हुए हैं हार्दिक
गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पांड्या को 15 करोड़ में खरीदा था। हार्दिक ने गुजरात टाइटंस को अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया था। दूसरे सीजन में वह फिर से अपनी टीम को फाइनल में ले जाने में कामयाब रहे थे। गुजरात के लिए उनका रिप्लेसमेंट आसान नहीं रहने वाला है। उधर, दूसरी ओर मुंबई इंडियंस के पिछले दो सीजन बेहद खराब रहे हैं। रोहित शर्मा अपनी टीम को कामयाबी नहीं दिला सके हैं। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस भविष्य के कप्तान की भी खोज में भी है। ऐसे में उसके लिए हार्दिक पांड्या की वापसी गेम चेंजर साबित हो सकती है।
हार्दिक को मुंबई में मिलेंगे इतने रुपये
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई को हार्दिक के वेतन के रूप में 15 करोड़ रुपये (लगभग 1.8 मिलियन डॉलर) और टाइटंस को ट्रांसफर फी का भुगतान करना होगा। ट्रांसफर फीस की रकम क्या है, इस बारे में अब तक जानकारी नहीं मिल सकी है। हार्दिक को ट्रांसफर फीस का 50 प्रतिशत तक मिलेगा। हार्दिक ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत भी मुंबई इंडियंस से 2015 में की थी।
यह देखना भी दिलचस्प होगा कि लगभग 10 साल बाद क्या मुंबई को एक नया कप्तान मिलेगा? हार्दिक फिलहाल गुजरात के कप्तान हैं और मुंबई में उन्हें कप्तानी सौंपी जाती है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा। रोहित 2013 से मुंबई के कप्तान हैं। उनकी जगह हार्दिक को लीड करने का मौका मिल सकता है। हार्दिक टीम इंडिया के टी20 कप्तान भी हैं और अब तक अच्छी कप्तानी की है। रोहित के टी20 में अनिश्चित भविष्य को देखते हुए मुंबई यह फैसला कर सकता है।

