न्यूज़लिंक हिंदी। आईपीएल मैच का आगाज आज से लखनऊ सुपरजायंट्स और पंजाब किंग्स के मुकाबले के साथ होगा। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होने वाले मुकाबले के एक दिन पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया।
मेजबान लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए जहां कप्तान केएल राहुल, डिकॉक, रवि बिश्नोई, निकोलन पूरन पर टीम का दारोमदार होगा, वहीं दूसरी ओर पंजाब टीम में कप्तान शिखर धवन के अलावा अर्शदीप सिंह, जॉनी बेरियस्टो, सैम करन, रबाडा, जितेश शर्मा जीत के लिए जोर लगाएंगे।
पंजाब किंग्स के चीफ कोच सुनील जोशी ने कहा कि आईपीएल में अब तक का यह रिकॉर्ड है कि सभी टीमों ने अपने घरेलू मुकाबले जीते हैं, मगर हम लखनऊ में यह रिकॉर्ड तोड़़ते हुए मेहमान टीम होने के बावजूद भी जीत हासिल करेंगे। लखनऊ की पिच को लेकर उन्होंने कहा कि इकाना के मैदान से मैं बहुत अच्छी तरह से परिचित हूं। मैं अपने खिलाड़ियों को बता सकता हूं कि उनको किस तरह की गेंदबाजी करनी है और बल्लेबाजी के लिए कौन से एरिया चुनने हैं।
इसलिए मैं पूरी तरह से निश्चिंत हूं।पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स से 20 रन से हार का सामना करने वाली लखनऊ सुपरजायंट्स अपने घरेलू मैदान में जीत से आगाज करना चाहेगी। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम पंजाब किंग्स के खिलाफ शनिवार को होने वाले मुकाबले के लिए मेजबान टीम ने अपनी तैयारियों को पूर्ण रूप से अंतिम रूप दिया।
दूसरी ओर आईपीएल पहले मुकाबले में दिल्ली के खिलाफ जीत और दूसरे मुकाबले में बंगलूरू से मिली हार के बार पंजाब किंग्स एक बार फिर जीत की लय पाने उतरेंगे। प्रभसिमरन सिंह अच्छी शुरूआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाये हैं, जबकि हरफनमौला खिलाड़ी सैम करन ने दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजी से टीम प्रबंधन को प्रभावित किया है, लेकिन वे गेंदबाजी में ऐसा कमाल नहीं कर पाये हैं।
टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा भी टी-20 विश्वकप के लिए टीम में जगह बनाने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन उन्हें चयनकर्ताओं को प्रभावित करने के लिए विकेट के पीछे और बल्ले से दम दिखाना होगा। तेज गेंदबाजी विभाग में कागिसो रबाडा को अर्शदीप सिंह और हर्षल पटेल से सहयोग की उम्मीद होगी। बायें हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार प्रभावी रहे, जबकि लेग स्पिनर राहुल चाहर को बहुत ही अच्छी गेंदबाजी करनी होगी।

