न्यूज़लिंक हिंदी। ईरान ने दी बड़ी धमकी,इजरायल पर फिलहाल हमला नहीं करेगा, अमेरिका को पहुंचाया यह संदेश। लेकिन इसके बदले में उसने एक बड़ी शर्त रखी है। अमेरिका को भेजे एक संदेश में तेहरान ने कहा है कि अगर गाजा में युद्धविराम होता है तो वह अपने कमांडर की मौत के जवाब में इजरायल पर हमला नहीं करेगा।
मिली हुई जानकारी के मुताबिक, अज्ञात सूत्र ने दो दिन पहले जदेह न्यूज से बातचीत के दौरान कहा था कि अगर अमेरिका स्थिति पर काबू पाने में सफल होता है तो यह बाइडन प्रशासन के लिए एक बड़ी सफलता होगी और हम उस पर आगे बढ़ सकते हैं। ये रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब मिस्र की राजधानी काहिरा में इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम और बंधकों की रिहाई को संभव बनाने के लिए बातचीत फिर से शुरू हो रही है।
उधर, इजरायल में दमिश्क हवाई हमले की संभावित प्रतिक्रिया के लिए सेना को अलर्ट पर रखा गया है।जहेदी दमिश्क में ईरान के महत्वपूर्ण प्रतिनिधियों में थे, जो असद सरकार और ईरान के प्रॉक्सी चरमपंथी संगठन हिजबुल्लाह के बीच संपर्क स्थापित करते थे। उन्हें सीरिया और लेबनान में ऑपरेशन के लिए जिम्मेदार माना जाता रहा है।
ईरान और सीरिया ने हवाई हमले के लिए इजरायल को जिम्मेदार ठहराया था। हालांकि, इजरायल ने न तो हमले की जिम्मेदारी ली थी और न ही इनकार किया था।हमले के बाद से ईरान ने बार-बार इजरायल को जवाब देने की धमकी दी है। ईरान ने कहा था कि इसका बदला इजरायल से जरूर लिया जाएगा और ये हम तय करेंगे। ईरान के प्रॉक्सी हिजबुल्लाह ने भी दुश्मन को कड़ी सजा देने’ की कसम खाई है।

