न्यूज़लिंक हिंदी। कतर में मौत की सजा पाने वाले आठ भारतीयों के परिवारवालों से सोमवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मुलाकात की। नौसेना के आठ पूर्व कर्मी लंबे समय से कतर की जेल में बंद हैं। हाल ही में कतर की एक अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई है।
जयशंकर ने पूर्व नौसैनिकों के परिवार से मुलाकात के दौरान कहा कि उनकी सरकार भारतीयों को वापस लाने की हरसंभव कोशिश कर रही है। विदेश मंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “आज सुबह ही कतर में बंद आठ भारतीयों के परिवारवालों से मुलाकात की। उन्हें बताया कि सरकार इस मामले को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दे रही है। हम उनके परिवारों की चिंता और दर्द साझा करते हैं।”
जयशंकर ने कहा, “हमने स्पष्ट किया कि सरकार उन्हें छुड़ाने के लिए सबकुछ कर रही है। हम इस मामले में परिवारों से संपर्क में रहना जारी रखेंगे।
ये भी पढ़ें : लखनऊ: पूर्व बीजेपी सांसद के बेटे की मौत का मामला, अखिलेश यादव बोले- ‘मुख्यमंत्री ने अस्पताल को बजट क्यों नहीं दिया’
निजी कंपनी अल दहरा के साथ काम करने वाले इन भारतीय नागरिकों को कथित तौर पर जासूसी के एक मामले में पिछले साल अगस्त में गिरफ्तार किया गया था। कतर की तरफ से अब तक उन पर लगे आरोपों का खुलासा नहीं किया गया है। कतर कोर्ट के इस फैसले पर भारत ने नाराजगी जताते हुए इसे गहरा झटका बताया था और मामले में सभी कानूनी तरीके आजमाने की बात कही थी।

