न्यूज़लिंक हिंदी। जोधपुर में एक मुस्लिम पति ने अपनी पत्नी को पहले एसएमएस के जरिए तलाक का मैसेज भेजा और फिर सार्वजनिक उसे तीन बार तलाक बोलकर उससे संबंध भी खत्म कर लिए। इसके बाद पीड़ित महिला ने अपने पति के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया।
शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र निवासी एक मुस्लिम पति ने अपनी पत्नी को पहले तो एसएमएस से तीन बार तलाक का मैसेज भेजा और फिर उसके बाद उसे सरेआम तीन बार तलाक बोलकर उससे सभी संबंध पूरी तरह से समाप्त कर लिए। हालांकि, 2019 के मुस्लिम महिला अधिनियम के तहत यह कानूनन अपराध है।
इतना ही नहीं पति ने तलाक-ए-हसन के तहत महिला को पहला नोटिस भी भेज दिया, इसको लेकर पत्नी ने न्यायालय के मार्फत पति के खिलाफ प्रतापनगर थाने में मामला दर्ज कराया है। थानाधिकारी भूटाराम ने बताया कि सीएचबी के सेक्टर 14 निवासी अब्दुल जाहिद की पत्नी ने उसके खिलाफ न्यायालय में परिवाद दिया था, जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
परिवाद में महिला ने बताया कि उसने जाहिद से साल 2017 में शादी की थी, उससे उनका एक बेटा भी है, लेकिन पति से झगड़े होने से के कारण वो अपने पिता के घर चल आई थी। कुछ समय बाद गत वर्ष जनवरी में जब वो वापस ससुराल गई तो उसके पति ने उससे झगड़ा करना शुरू कर दिया।
पति जैसलमेर में काम करता था, ऐसे में एक दिन वो रात को आया और उसे बाहर निकाल दिया। हालांकि, रात को पुलिस जाहिद को लेकर चली गई थी। वहीं, अगले दिन उसने कहा कि वो अपने साथ रखेगा, लेकिन बाद में फिर मुकर गया। दबाव पड़ने पर पत्नी और बेटे को गत वर्ष 25 अप्रैल को जैसलमेर अपने साथ लेकर आया, जहां उसके साथ वो झगड़ा करने लगा।
साथ ही कहा कि जबरदस्ती वो उसके साथ रिश्ता नहीं रख सकती है, इधर, 26 अप्रैल को टेक्स्ट मैसेज कर उसने तीन बार तलाक लिखकर मैसेज भेजा और कॉल करके कहा कि वो मुझे अपने साथ बिल्कुल नहीं रखेगा।
इसके साथ ही उसने सेल्फी स्टीक से पिटाई भी की, इस घटना के बाद पीड़िता अगले दिन जोधपुर आ गई। परिजनों ने उसका उपचार करवाया और फिर पति समेत सुसराल पक्ष के खिलाफ मामला पूर्ण रूप से दर्ज कराया।

