न्यूज़लिंक हिंदी। कानपुर के रूमा औद्योगिक क्षेत्र में जल्द सड़कें चमकने वाली है। 200 काैशल विकास केंद्र खोले जाएंगे और हाईमास्ट से उजाला होगा। ये सारे विकास कार्य अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन योजना के तहत उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) कराएगा। इसमें करीब 79 करोड़ रुपये खर्च होने की आशंका है। इसमें नाली, सड़क निर्माण, लाइट कार्य के साथ उद्यमियों और कर्मचारियों के हित में कार्य होंगे। इसके साथ ही यहां एक और ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा।
जीटी रोड किनारे स्थित रूमा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 200 से अधिक इकाइयां संचालित हैं। यहां पर ज्यादातर टेक्सटाइल से जुड़ी इकाइयां हैं, साथ ही डाइंग यूनिट और जनरल इकाइयां भी हैं। यहां पर एक ट्रीटमेंट प्लांट भी है, दूसरा प्लांट भी जल्द लगेगा।
ये भी पढ़े : Rajouri Attack: सेना की 2 गाड़ियों पर आतंकियों हमला, 4 जवान शहीद, PAFF ने ली जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) पुराने औद्योगिक क्षेत्रों को सुविधाओं से सुसज्जित करने जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के छह औद्योगिक क्षेत्रों को चुना गया है। इसमें लखनऊ का अमौसी, कानपुर का रूमा, मेरठ का परतापुर, गाजियाबाद का कविनगर, इलाहाबाद का नैनी और चंदौली चुने गए हैं।
इसमें करीब 467 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें पिंक टायलेट, महिलाओं के लिए डारमेट्री, पार्क, अग्निशमन केंद्र और पुलिस चौकी का भी निर्माण किया जाएगा। इससे यहां दिन-रात सुरक्षा का अहसास होगा। पुरानी हाई मास्ट लाइटों की जगह नई सौर आधारित हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी।
सीसीटीवी कैमरे आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस तकनीक से लैस होंगे, जिससे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि होते ही पुलिस को अलर्ट मिल जाएगा। कई जगह पब्लिक एड्रेस सिस्टम बनाए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों और आसपास के लोगों को संदेश दिया जा सकेगा। इसके अलावा, मियावाकी पद्धति से पौधारोपण कर रुद्राक्ष की बगिया विकसित की जाएगी।