न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सोमवार को शहर में 114 कार्यक्रम हुए और साथ 44 शोभायात्राएं भी निकली। शहर में होने वाले कार्यक्रमों के मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए हैं। ऑपरेशन दृष्टि के तहत लगे 26 हजार सीसीटीवी कैमरों से सभी जगह नजर रखी जाएगी। अफसरों का कहना है कि गड़बड़ी करने वाले अराजकतत्वों को जेल भेजा जाएगा।

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कानून व्यवस्था आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि सोमवार को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा है। शहर में 114 कार्यक्रमों की अब तक अनुमति दी गई है। सुबह से शाम पांच बजे तक शहर के विभिन्न इलाकों से 44 शोभायात्राएं निकलेंगी। मंदिरों में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ के अलावा अन्य कार्यक्रम होंगे। सुरक्षा के मद्देनजर सर्विलांस और मुखबिरों के जरिये सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं।
आईबी, एलआईयू के साथ ही अन्य खुफिया एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। शहर के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर भी नजर रखी जा रही है।
जेसीपी ने बताया कि 22 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश है। स्कूल, कॉलेज और सरकारी व अर्ध सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। व्यापारिक प्रतिष्ठान और दुकानें खोलने पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं है। अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया पोस्ट पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में रविवार को शहर के बस, रेलवे स्टेशनों, ढाबों, धर्मशालाओं, होटलों और बड़े मंदिरों की चेकिंग की गई।
ये भी पढ़ें : Ayodhya: राम मंदिर परिसर पहुंचे ये फ़िल्मी सितारें, अयोध्यावासियों ने ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव टेलीकॉस्ट
बता दे कि नगर निगम 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव टेलीकॉस्ट वाल्मीकि उपवन में करेगा। रविवार को सभी वार्डों के मंदिरों में रोशनी, सजावट के साथ ही आसपास सफाई, पैचवर्क कराया गया। प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर नगर निगम ने 14 जनवरी से विशेष सफाई अभियान शुरू किया था।
आयोजनों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों के लिए एक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि इन आयोजनों की वजह से जीटी रोड, वीआईपी रोड, गोविंदपुरी नया व पुराना पुल पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहने की संभावना है। अपील की गई है कि लोग जरूरत अनुसार वैकल्पिक मार्गों पर ही निकलें।
ये भी पढ़ें : Ram Mandir Pran Pratishtha: वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विराजे रामलला, राघव रूप में मोहक मुस्कान देख भावुक हुये भक्त

