न्यूज़लिंक हिंदी। एक बड़ा हादसा, झांसी रूट पर पनकी थानाक्षेत्र में गुजैनी नहर पुल के ऊपर से गुरुवार शाम एक ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए झांसी रेलवे लाइन पर जा गिरा।
ट्रक ओएचई पर गिरा, जिससे ओएचई पूरी तरह से टूट गई और रेल संचालन ठप हो गया। हादसे में ट्रक चालक बिल्हौर के रहमतपुर गांव निवासी 27 वर्षीय रामकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। ट्रक नौबस्ता से इटावा की ओर जा रहा था। यह वही क्षेत्र है, जहां 15 दिन पहले साबरमती एक्सप्रेस के 22 डिब्बे पटरी से भी उतर गए थे।
झांसी रूट पर नहर पुल के पास रेलवे लाइन पर ट्रक गिरने से ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से ठप हो गया। गोविंदपुरी पर झांसी की ओर जा रही चित्रकूट एक्सप्रेस और सिंकदरा एक्सप्रेस को रोक दिया गया। मुंबई की ओर जा रही पुष्पक एक्सप्रेस को भी सेंट्रल पर रोका गया था। इसके साथ ही लखनऊ की ओर से झांसी जा रही लखनऊ झांसी इंटरसिटी को भी रोक दिया गया।

