न्यूज़लिंक हिंदी। कानपुर में महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव के मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। लोग सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए लंबी लाइनें लगाकर खड़े हैं। श्रद्धालु मंदिरों में जलाभिषेक करने के बाद शिव लिंग को बेल-पत्र अर्पित कर रहे हैं। महाशिवरात्रि को लेकर कल रात से ही तैयारियां शुरू कर दी गईं थीं। मंदिरों की साफ-सफाई करने के साथ ही सज्जा की जाने लगी थी। बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए भक्तों ने देर रात से मंदिरों में लाइन लगाई। मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया।

शिवभक्तों ने हर-हर महादेव शंभू काशी विश्वनाथ गंगे व बम भोले का उद्घोष कर पूरा प्रांगण जोश व भक्ति से भर दिया। इस साल महाशिवरात्रि पर सर्वार्थ सिद्धि योग, शिव योग जैसे कई शुभ योग है। इसको देखते हुए मंदिरों के साथ घरों में पूजन के विशेष प्रबंध किए गए। आनंदेश्वर मंदिर परमट में गुरुवार की शाम 7:30 बजे के बाद भक्तों का प्रवेश बंद कर दिया गया था।

महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को दिन भर आनंदेश्वर मंदिर परमट, जागेश्वर धाम नवाबगंज, खेरेश्वर मंदिर शिवराजपुर, सिद्धनाथ धाम जाजमऊ, वनखंडेश्वर पीरोड, नयागंज स्थित नागेश्वर मंदिर, कछुआ तालाब पनकी का शिवमंदिर, भोलेश्वर मंदिर बर्रा बाईपास, खेरेपति मंदिर फूलबाग, स्वरूप नगर स्थित भोलेश्वर और गृहस्थेश्वर मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। इसको देखते हुए यहां पर गुरुवार को मंदिर कमेटियों ने रुद्राभिषेक, विशेष भोग, मंगला आरती के साथ ही बैरिकेडिंग व पार्किंग की तैयारियां कीं। कई जगह विशेष आयोजन भी होंगे।

